आरक्षक और उप निरीक्षक के पदों पर भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर

इसी माह शुरू होने जा रही है भर्ती प्रक्रिया….आठ हजार से अधिक पदों पर होगी भर्ती

उज्जैन। शहर तथा जिले में उन युवाओं के लिए यह अच्छी खबर है कि जो पुलिस आरक्षक और उप निरीक्षक पदों पर भर्ती होने के लिए तैयारियां कर रहे है उन्हें जल्द ही नौकरी का अवर प्राप्त होगा। दरअसल कर्मचारी चयन मंडल ने भर्ती प्रक्रिया को शुरू करने की तैयारियां कर ली है। बताया जा रहा है कि पूरे प्रदेश भर में कोई आठ हजार से अधिक पदों पर भर्ती होगी। जो इसी माह से शुरू होने जा रही है। इनमें आरक्षकों के लिए सात हजार पांच सौ पद है जबकि उप निरीक्षकों के लिए पांच सौ पदों पर भर्ती की जाएगी।

एक सप्ताह में विज्ञापन जारी करने की योजना है। कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) की यह भी तैयारी है कि लिखित परीक्षा इसी वर्ष करवा ली जाए। बता दें, छह माह से भर्ती प्रक्रिया रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन को लेकर निर्णय नहीं होने के कारण उलझी हुई थी। सरकार ने अन्य परीक्षाओं में पंजीयन की अनिवार्यता यथावत रखने का निर्णय लिया है, पर पुलिस भर्ती में पंजीयन को लेकर निर्णय पुलिस मुख्यालय पर छोड़ दिया था। मुख्यालय ने तय किया है कि पंजीयन जरूरी नहीं रहेगा। मंडल को भी इसकी नियमावली भेज दी गई है। बता दें, मुख्यमंत्री मोहन यादव ने तीन वर्ष के भीतर आरक्षकों के 22,500 पदों पर भर्ती करने के लिए कहा है। इस वर्ष ईएसबी और आगे दो वर्षों में पुलिस भर्ती बोर्ड से परीक्षा कराई जाएगी। आरक्षक और उप निरीक्षकों के अतिरिक्त पुलिस मुख्यालय में लिपकीय संवर्ग के 500 पदों पर भी भर्ती की जानी है। मुख्यालय की तरफ से इसी वर्ष मार्च में इन संवर्गों में पदों पर भर्ती के लिए प्रस्ताव ईएसबी को भेजा गया था। इसी बीच सुप्रीम कोर्ट ने एक याचिका पर राज्यों को रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन की अनिवार्यता पर पुनर्विचार करने के लिए कहा। इस संबंध में निर्णय लेने में सरकार को लगभग छह माह लग गए। अब भर्ती प्रक्रिया प्रारंभ होती है तो लिखित परीक्षा, शारीरिक दक्षता परीक्षा पूरी कराने में ही कम से कम छह माह लगेंगे। उप निरीक्षकों की भर्ती में पहली बार साक्षात्कार को भी जोड़ा गया है। बता दें, उप निरीक्षकों की भर्ती सात वर्ष बाद हो रही है। इस बीच परीक्षा की तैयारी करने वाले लाखों युवक अधिकतम उम्र सीमा पार कर गए। इसमें इस बार से यह बदलाव भी किया गया है कि इसमें शारीरिक दक्षता परीक्षा के अंकों को जोड़कर प्रावीण्य सूची बनाई जाएगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment