उज्जैन। सिंहस्थ 2028 को लेकर शहर के प्रमुख मार्गो को चोड़ा किया जाएगा। जिसे लेकर तैयारियां चल रही है। शनिवार को नगर निगम की टीम ने कोयला फाटक से लेकर कंठाल चौराहा तक अंतिम सेंट्रल मार्किंग एवं बियाबानी चौराहा से होते हुए तेलीवाड़ा चौराहा तक मकानों के अंदर मार्किंग कर लाल निशान लगाए गए। अब जल्द ही इन मार्गो का चौड़ीकरण होने वाला है। इन मार्गो की सड़क चौड़ी होने के बाद यातायात व्यवस्था में भी सुधार होगा। और शहर के नागरिकों को रोज लगने वाले जाम से भी छुटकारा मिलेगा। नगर निगम की टीम ने चौड़ीकरण की जद में आने वाले भवन व दुकानों पर निशान लगाकर अंतिम मार्किंग कर ली है अब जल्द ही मार्ग को चौड़ा करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
शनिवार दोपहर नगर निगम की टीम कोयला फाटक पहुंची। यहां से टीम ने कंठाल चौराहा तक सड़क के बीच में निशान लगाना शुरू किया। लाल निशान लगाते हुए टीम ने फाइनल सेंट्रल मार्किंग की। इसके साथ ही बियाबानी चौराहा से होते हुए तेलीवाड़ा चौराहा तक मकानों के अंदर मार्किंग कर लाल निशान लगाए। इस दौरान कई दुकानों के अंदर 5 से 10 फीट तक निशान लगाए गए हैं। रहवासियों और व्यापारियों को चौड़ीकरण के नोटिस भी दिए गए हैं। जल्द ही नगर निगम द्वारा संबंधित क्षेत्र के रहवासियों को अनाउंसमेंट के माध्यम से सूचित किया जाएगा कि चौड़ीकरण अंतर्गत निगम द्वारा काम प्रारंभ किया जाना है, जिसमें संबंधित भवन एवं भूमि स्वामी अपनी जगह को खाली कर दें। ताकि चौड़ीकरण का कार्य किया जा सके। वीडी मार्केट, तेलीवाड़ा होते हुए छोटे पुलिया तक 15 मीटर चौड़ी सड़क बनना है।
