अशोकनगर से फरार भाजपा नेता उज्जैन से गिरफ्तार

उज्जैन। मारपीट के मामले में अशोकनगर से फरार भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष को रविवार शाम महाकाल मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। अशोकनगर पुलिस मोबाइल लोकेशन ट्रेस करते हुए उज्जैन पहुंची थी। भाजपा नेता को रात में ही टीम अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
बताया जा रहा है कि अशोकनगर देहात थाना क्षेत्र के तुलसी सरोवर कालोनी में शनिवार को भाजपा नेता लक्ष्मीनारायण यादव का पुत्र रोहित तेजगति से सायकल चलाकर चक्कर लगा रहा था। वहां छोटे बच्चे खेल रहे थे। भाजपा नेता के पुत्र को समीप रहने वाले जितेन्द्र कुशवाह ने रोका था। इसी बात पर भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण यादव अपने कई साथियों के साथ जितेन्द्र कुशवाह के घर में घुस गया था। उसने जितेन्द्र के छोटे भाई धर्मेन्द्र को घसीटकर घर से बाहर निकाल लिया था और मारपीट शुरू कर दी थी। बीच-बचाव में आई कुशवाह परिवार की महिलाओं से मारपीट और धक्का-मुक्की थी। कुशवाह परिवार कपड़ा व्यापारी है, भाजपा नेता की मारपीट के बाद आसपास के लोगों में काफी आक्रोश फैल गया था। धर्मेन्द्र कुशवाह गंभीर घायल हुआ था। जिसके बाद अशोकनगर पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज किया था। भाजपा नेता अशोकनगर से लापता हो गया था। जिसकी लोकेशन पुलिस ने ट्रेस करना शुरू की थी। रविवार शाम को लोकेशन महाकाल मंदिर क्षेत्र की मिलने पर अशोकरनगर से एसआई, एएसआई और 2 पुलिसकर्मियों की टीम उज्जैन पहुंची। लोकेशन के आधार पर महाकाल थाना पुलिस की मदद से हिरासत में लिया और अपने साथ लेकर रवाना हो गई। मामले में महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि अशोकनगर पुलिस आई थी। लक्ष्मीनारायण यादव नामक व्यक्ति को पकड़कर साथ ले गई है। मामला क्या था, यह स्पष्ट नहीं हो पाया था। अशोकनगर पुलिस ने थाने पर आमद दी थी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment