इंदौर। राऊ क्षेत्र के दिल्ली पब्लिक स्कूल को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। सुबह करीब 8:23 बजे स्कूल प्रबंधन को यह मेल मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और एहतियात के तौर पर पूरे स्कूल परिसर को खाली कराकर छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची, साथ ही बम निरोधक दस्ता (BDS) को भी बुलाया गया। टीम ने स्कूल के हर हिस्से की बारीकी से जांच की, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक का पता लगाया जा सके।ड्रोन के जरिए स्कूल को उड़ाने की धमकी-बताया जा रहा है कि ईमेल में ड्रोन के जरिए स्कूल उड़ाने की धमकी दी गई थी, जिससे प्रबंधन और अभिभावकों में दहशत फैल गई। हालांकि, जांच के दौरान अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला है।पुलिस के अनुसार, यह धमकी भरा मेल “सीमा” नाम से भेजा गया है। साइबर टीम ईमेल आईडी के आधार पर जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मेल कहां से भेजा गया।स्कूल प्रशासन की ओर से इस संबंध में पुलिस को जानकारी दी थी। वहीं एडीशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मेल अफवाह प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी:मेल मिलते ही खाली कराया परिसर, पुलिस जांच में जुटी