सीएम के शहर उज्जैन से कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा आज: सचिन पायलट, दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी होंगे शामिल
उज्जैन में शुक्रवार को कांग्रेस कमेटी द्वारा किसानों की समस्याओं को लेकर पहली बार किसान अधिकार यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। खास बात यह है कि यह यात्रा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के गृह जिले से शुरू हो रही है।
बड़ी सभा और पैदल मार्च
-
चिमनगंज मंडी परिसर में सुबह 11.30 बजे से कांग्रेस की बड़ी सभा होगी।
-
सभा के बाद कांग्रेस नेता पैदल मार्च निकालेंगे, जो आगर रोड, चामुंडा चौराहा और ब्रिज से होते हुए टॉवर चौक स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ समाप्त होगा।
कांग्रेस का ऐलान – किसानों और युवाओं की लड़ाई
जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेश परमार ने बताया कि यह आंदोलन किसानों को न्याय दिलाने, युवाओं को रोजगार देने, महिलाओं की सुरक्षा और गरीबों-पिछड़ों के अधिकार की लड़ाई के लिए शुरू किया जा रहा है।
-
कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश में किसान खाद-यूरिया के लिए परेशान हैं और मांगने पर उन्हें लाठियां मिल रही हैं।
-
सरकार सोयाबीन का उचित भाव तक नहीं दे पा रही है।
-
फसल खराब होने के बाद किसानों को बीमा लाभ भी नहीं मिल रहा है।
90 बाय 50 फीट का मंच तैयार
सभा के लिए 90 बाय 50 फीट का विशाल मंच बनाया गया है।
-
मंच से राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, सज्जन सिंह वर्मा, उमंग सिंघार, संजय दत्त, जयवर्धन सिंह, अरुण यादव, कुणाल चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता किसानों की समस्याओं को लेकर अपनी बात रखेंगे।
-
बैठक व्यवस्था के लिए 190 बाय 550 फीट का डोम बनाया गया है, जिसमें लगभग 25 हजार लोगों के बैठने की क्षमता है।
कांग्रेस नेताओं ने की तैयारियों का निरीक्षण
सभा से एक दिन पहले ही कांग्रेस नेताओं ने स्थल पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। चिमनगंज मंडी परिसर में गुरुवार सुबह से देर रात तक तैयारियां चलती रहीं।
