उज्जैन।उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के काम से हो रही परेशानियों को लेकर शहर कांग्रेस अध्यक्ष के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नगर निगम का घेराव किया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि लगातार खुदाई के कारण आम लोगों, दुकानदारों और रहवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कोयला फाटक से नगर निगम तक पैदल मार्च किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान क्षेत्रीय विधायक के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि शहर के कई क्षेत्रों में सड़क चौड़ीकरण के नाम पर लगातार खुदाई की जा रही है, जिससे आम नागरिकों का पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। सड़कों पर धूल और अव्यवस्था के कारण आसपास के दुकानदारों का व्यापार प्रभावित हो रहा है, वहीं रहवासी भी परेशान हैं। नेताओं का कहना है कि जिन लोगों की संपत्तियां इस चौड़ीकरण कार्य में प्रभावित हो रही हैं, उन्हें अब तक उचित मुआवजा नहीं दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रस्तावित मार्गों की चौड़ाई को कम किया जाए और प्रभावित लोगों को बाजार मूल्य से दोगुना मुआवजा दिया जाए।
सड़क चौड़ीकरण से परेशानी, उज्जैन निगम घेराव किया:दोगुना मुआवजा और चौड़ाई कम करने की मांग