*बुरहानपुर। शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, शासकीय संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को कलेक्टर विवेक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने नेपानगर क्षेत्र में भ्रमण किया।भ्रमण के दौरान नगर परिषद नेपानगर कार्यालय के विभिन्न कक्षों का अवलोकन किया गया। इसी कड़ी में कलेक्टर विवेक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नेपानगर में स्मार्ट क्लास, पुस्तकालय सहित विद्यालय के विभिन्न कक्षों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से संवाद भी किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से उनकी पढ़ाई, विद्यालय में पढ़ाए जाने वाले विषयों तथा शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पुस्तकालय में अधिकारियों ने विद्यार्थियों के साथ बैठकर उनकी पढ़ाई का भी अवलोकन किया।कलेक्टर विवेक कुमार ने विद्यालय स्टाफ से पढ़ाए जाने वाले विषयों, खेलकूद गतिविधियों, खेल सामग्री तथा काउंसलिंग के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों के लिए भी बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने विद्यालय में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने की बात भी कही। इसके बाद कलेक्टर विवेक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अंबाड़ा का भी जायजा लिया।
*सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सा सेवाओं का किया निरीक्षण-कलेक्टर विवेक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेपानगर का निरीक्षण कर नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, एनआरसी, जनरल वार्ड सहित विभिन्न कक्षों का बारीकी से अवलोकन किया। इसी कड़ी में रजिस्टरों का भी अवलोकन किया गया। कलेक्टर विवेक कुमार ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य केंद्र में आने वाले नागरिकों को समय पर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। वहीं, पुलिस अधीक्षक आशुतोष बागरी ने स्वास्थ्य अधिकारियों से केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की।