न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाए
ब्रह्मास्त्र इंदौर
न्यूजीलैंड ने भारत में इतिहास रचते हुए पहली बार वनडे सीरीज अपने नाम कर ली। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे में कीवी टीम ने भारत को 41 रन से हराया। इसके साथ ही यह भारत की इस मैदान पर पहली वनडे हार भी रही।
रविवार को रिकार्ड्स का दिन विराट कोहली के नाम रहा। वे वनडे में नंबर-3 पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने और न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। लेकिन उनकी पारी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सकी।
338 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 46 ओवर में 296 रन पर आॅलआउट हो गई। इससे पहले टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 8 विकेट पर 337 रन बनाए थे। डेरिल मिचेल ने 137 और ग्लेन फिलिप्स ने 106 रन की शतकीय पारियां खेलीं।
1. न्यूजीलैंड ने भारत में पहली बार वनडे सीरीज जीती- वनडे क्रिकेट में न्यूजीलैंड ने भारत में पहली बार वनडे सीरीज जीती। तीन मैचों की सीरीज को न्यूजीलैंड ने 2-1 से अपने नाम कर लिया। इससे पहले भारत में दोनों टीमों के बीच खेली गई हर वनडे सीरीज में भारत का ही दबदबा रहा था।
वनडे में नंबर-3 के सबसे ज्यादा रन- विराट कोहली वनडे में नंबर-3 पोजिशन पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने इस फॉर्मेट में 12,676 रन बनाए हैं। कोहली ने यह उपलब्धि आॅस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ते हुए हासिल की, जिनके नाम नंबर-3 पर 12,662 रन दर्ज हैं।
कोहली के न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक- विराट कोहली ने वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। कोहली ने सिर्फ 36 पारियों में 7 शतक लगा दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड रिकी पोंटिंग और वीरेंद्र सहवाग के नाम था, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 6-6 शतक लगाए थे। इतना ही नहीं, तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी-20) को मिलाकर भी कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ी बन गए। इस दौरान उन्होंने साउथ अफ्रीका के जैक कैलिस के 9 शतकों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
कोहली ने 5 अलग-अलग टीमों के खिलाफ 7 शतक लगाए- कोहली के करियर की बात करें तो यह उनके वनडे का 54वां, इंटरनेशनल क्रिकेट का 85वां और भारत में खेलते हुए 41वां शतक रहा। इसके साथ ही कोहली ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। वे दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बन गए, जिनके नाम पांच अलग-अलग टीमों के खिलाफ 7 या उससे ज्यादा शतक दर्ज हैं। कोहली ने श्रीलंका के खिलाफ 10, वेस्टइंडीज के खिलाफ 9, आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ 8, साउथ अफ्रीका के खिलाफ 7 और अब न्यूजीलैंड के खिलाफ भी 7 शतक पूरे कर लिए हैं।
मिचेल भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के टॉप स्कोरर- डेरिल मिचेल भारत के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के हाईएस्ट स्कोरर बन गए। उन्होंने 352 रन बनाए। यह किसी भी न्यूजीलैंड बल्लेबाज द्वारा 3 मैचों की वनडे द्विपक्षीय सीरीज में बनाए गए सबसे ज्यादा रन भी हैं। मिचेल का वनडे में भारत का सबसे ज्यादा 74.1 का औसत हैं। वे भारत के खिलाफ 4 शतक भी लगा चुके हैं।
भारत के खिलाफ न्यूजीलैंड की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी- भारत के खिलाफ वनडे में न्यूजीलैंड की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी अब डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स के नाम दर्ज हो गई है। दोनों ने चौथे विकेट के लिए 219 रन जोड़े। पहले नंबर पर केन विलियम्सन और टॉम लैथम हैं। दोनों ने 2022 आॅकलैंड में नाबाद 221 रन जोड़े थे।