उज्जैन। लोहे का पुल क्षेत्र में वॉच टॉवर के नीचे शनिवार रात 9.30 बजे के लगभग एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटनाक्रम के बाद हमला करने वालों में 2 युवको के शामिल होने की जानकारी सामने आई। पुलिस दोनों की तलाश में जुट गई थी।
महाकाल थाना क्षेत्र के लोहे का पुल क्षेत्र में रात 9 बजे के लगभग सब कुछ सामान दिखाई दे रहा था। तभी कुछ देर बाद अचानक वॉच टॉवर के नीचे भगदड़ की स्थिति बनी। लोग कुछ समझ पाते एक युवक खून से लथपथ जमीन पर पड़ा दिखाई दिया। 2 युवक भागते नजर आये। खून से लथपथ युवक को अस्पताल पहुंचाया जाता उससे पहले उसकी मौत हो चुकी थी। हत्या की खबर मिलते ही क्षेत्र में काफी भीड़ जमा हो गई। महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मृतक का नाम मोईन पिता नदीम शेख 25 वर्ष निवासी देवास हाल मुकाम लोहे का पुल होना सामने आया। पुलिस घटनास्थल पर जांच में लगी थी और आसपास लगे कैमरों का खंगाला जा रहा था। मौके पर मौजूद एसआई हेमंत जादौन और जितेन्द्र झाला घटना के संबंध में कुछ स्पष्ट नहीं कर पा रहे थे। उनका कहना था कि जांच चल रही है।
मृतक की तोपखाना में चप्पल की दुकान
क्षेत्रवासियों ने बताया कि मोईन कुछ समय पहले देवास से उज्जैन आया था, वह अपने पिता के साथ तोपखाना क्षेत्र में चप्पल की दुकान लगाता था और किराये से रहता था। बताया जा रहा था कि उस पर चाकू से हमला करने वालों में फुकरान अद्दा और उसका साथी शामिल थे। फुकरान नशे का आदी भी है। बताया यह भी जा रहा था कि हमला करने वाले और मृतक होटलों में कमरे लगाने का काम भी करते है। आशंका है कि इसी बात पर विवाद हुआ है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद होगा खुलासा
हत्या की वजह का स्पष्ट पता नहीं चल पाया था। मृतक के परिचित और परिजनों का कहना था कि मोईन का कोई विवाद नहीं था। कुछ पता हीं नही चला पाया और मोईन की मौत हो गई। मामले में महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल का कहना था कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह का खुलासा हो पायेगा।
रात 9.30 बजे लोहे का पुल पर युवक की चाकू मारकर हत्या – क्षेत्र में फैली सनसनी घटनास्थल पर जमा हुई भीड़, 2 हमलावरों की तलाश
