उज्जैन। अरब सागर में उठे तुफान का असर बंगाल की खाडी से बने कम दबाव के क्षेत्र में शहर भी बारिश के आगोंश में आया है। शुक्रवार से गहराए बादल रविवार को भी छाए रहे। दिन भर सूर्य के दर्शन नहीं हो सके। रात को फुहारी बारिश का दौर सुबह भी जारी रहा। इससे तापमान में करीब 3 डिग्री से अधिक की गिरावट आई है। तापमान की गिरावट से मौसम में ठंडक घुल गई है।
रविवार को सुबह से ही बादल छाए रहे। सुर्य बादलों की ओट से बाहर नहीं निकल सका, मानों सूर्य को बादलों ने कैद कर लिया हो। आसमान में बादलों के छाए रहने से रूक-रूक कर बारिश का दौर छाया रहा है। सुबह से लेकर शाम तक यही हालात बने रहे। इस स्थिति के दरमियान ही अपरांह् में हल्के कोहरे का असर भी देखा गया । शनिवार से रविवार शाम तक कुछ 10 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। इससे दो दिन पहले उमस के हाल अब ठिठुरन के हो गए हैं।
10 मिमी वर्षा,गिरा तापमान-
शासकीय जीवाजी वेधशाला से जारी विज्ञप्ति के अनुसार शनिवार शाम से रविवार सुबह तक कुल 7 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। वहीं रविवार को सुबह से शाम तक कुल 3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। इस तरह से मानसून काल के उपरांत शहर में कुल 31.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। बारिश के चलते तापमान में गिरावट आई है। रविवार सुबह न्यूनतम तापमान एक दिन पूर्व की अपेक्षा करीब डेढ डिग्री की गिरावट के साथ 20.7 डिग्री सेल्सियस एवं अधिकतम तापमान एक दिन पूर्व की अपेक्षा करीब 6 डिग्री की गिरावट के साथ 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। सुबह ठंडी हवाओं की गति 8 किलोमीटर एवं शाम को 6 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई है।
जिले की 4 तहसीलों में वर्षा-
अरब सागर में उठे तुफान से बने नमी के क्षेत्र के तहत जिले की 4तहसीलों में वर्षा की स्थिति बनी है। भू-अभिलेख कार्यालय के अनुसार जिले में पिछले 24 घंटो के दरमियान उज्जैन में 7.0,नागदा में 2.0, बडनगर में 22.0,तराना में 4.0 मिली मीटर वर्षा दर्ज की गई है। इस वर्ष मानसून काल सहित जिले में अब तक औसत 868.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। जिले की औसत वार्षिक वर्षा 906.2 मिलीमीटर से यह करीब दो इंच अब भी कम है। आगामी दिनों में मावठे की बारिश में इसके पूरी होने के आसार हैं।
