*बुरहानपुर।* शहर के मोहम्मदपुरा क्षेत्र स्थित मैक्रो विजन एकेडमी में सोमवार दोपहर अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। एकेडमी के पिछले हिस्से में बने किचन शेड में आग भड़की, देखते ही देखते पूरे शेड से घना काला धुआं उठने लगा। धुएं का गुबार इतना ज्यादा था कि करीब 2 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रहा था।
*वॉल्व लीक होने से लगी आग –एकेडमी संचालक आनंद प्रकाश चौकसे ने बताया कि किचन शेड मुख्य परिसर से अलग बनाया गया है। यहां स्कूल के साथ-साथ अस्पताल के लिए भी भोजन तैयार किया जाता है। किचन में तेल को गर्म कर खाना बनाने वाली एडवांस मशीनें लगी हैं। सोमवार दोपहर मशीन के हाई टेम्परेचर ऑयल सिस्टम का एक वॉल्व लीक हो गया। हाई टेम्परेचर ऑयल होने के कारण उसने तुरंत आग पकड़ ली। हालांकि आग लगने के वास्तविक तकनीकी कारणों की आधिकारिक दमकल रिपोर्ट आना अभी बाकी है। यह जानकारी प्रबंधन की ओर से दी गई है।*कर्मचारियों ने दिखाई सूझबूझ –आग लगते ही वहां मौजूद कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए किचन में रखे फायर सेफ्टी उपकरणों और फायर सेफ्टी बॉल का उपयोग किया। रेत डालकर आग को फैलने से रोकने की कोशिश की गई। इसी दौरान नगर निगम को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही नगर निगम की एक के बाद एक चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों और एकेडमी स्टाफ ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग केवल किचन शेड तक सीमित रहने से बड़ा हादसा टल गया।
*कोई जनहानि नहीं, उपकरण जले –राहत की बात यह रही कि इस बड़ी घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। किसी भी कर्मचारी या छात्र को चोट नहीं आई। हालांकि किचन शेड में रखे कई उपकरण आग की चपेट में आकर खराब हो गए हैं। नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।