झारडा। सोमेश्वर महादेव मंदिर से श्री श्री 1008 महंत पूणार्नंद भारती के सानिध्य में सोमवार को गौ भक्तों का जनसैलाब सड़कों पर उमड़ पड़ा। गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर निकली विशाल ज्ञापन रैली ने पूरे नगर को आस्था और संकल्प के रंग में रंग दिया।
मंदिर परिसर से प्रारंभ हुई यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई तहसील कार्यालय पहुंची। पूरे मार्ग में ह्लगौ माता की जयह्व के गगनभेदी नारे गूंजते रहे। हाथों में बैनर-पोस्टर लिए गौ भक्तों ने अपनी मांगों को जोरदार तरीके से उठाया, जिससे माहौल पूरी तरह भावनात्मक और ऊजार्वान बना रहा। रैली में मातृशक्ति की विशेष भागीदारी देखने को मिली। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर गौ माता के सम्मान में अपनी आस्था प्रकट की, जो पूरे आयोजन का सबसे भावुक दृश्य रहा। साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में गौ भक्त इस रैली में शामिल हुए, जिससे जनसमर्थन और अधिक मजबूत दिखाई दिया। युवाओं, बुजुर्गों और बच्चों सहित हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
तहसील कार्यालय पहुंचकर गौ भक्तों ने नायब तहसीलदार शौकत अली को प्रार्थना पत्र (ज्ञापन) सौंपा। ज्ञापन में गौ माता को राष्ट्र माता का दर्जा देने, गौ संरक्षण के लिए सख्त कानून लागू करने एवं गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करने जैसी प्रमुख मांगें रखी गईं।
नायब तहसीलदार द्वारा ज्ञापन स्वीकार कर इसे शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में गौ सेवक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे, जिनकी एकजुटता ने इस आंदोलन को और मजबूती प्रदान की।
मां के मान के लिए सड़कों पर उतरे गौ भक्त