महंगे नशे एमडी के साथ 3 गिरफ्तार: कार जब्त: एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध

खरगोन। जिले में तेजी से पैर पसार रहे नशे के कारोबार में अब महंगा नशा भी परोसा जा रहा है। इसका खुलासा पुलिस कार्रवाई से हुआ है। ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने तीन एमडी ड्रग्स के साथ तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार से तस्करी करने निकले तीन बदमाशों से 70 ग्राम ड्रग्स सहित कार जब्त की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में गुंडा लिस्ट और जिलाबदर रह चुका तनवीर भी शामिल है।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार मुखबिर की सूचना पर 25 अगस्त  कोतवाली खरगोन निरीक्षक बनवारी लाल मंडलोई के नेतृत्व में टीम ने ग्राम जामली में खाटू श्याम मंदिर के पास चित्तौडग़ढ़- भुसावल बायपास मार्ग पर नाकाबंदी की। इसी दौरान कार क्रमांक एमपी 09 बीक्यू 0412 को रोका गया। कार में तनवीर पिता मेहमूद पठान निवासी अमन नगर खरगोन, शाहनवाज उर्फ शानू पिता सिराज जिंद्रान निवासी घासपुरा खंडवा हाल मुकाम मुल्लानवाड़ी खरगोन और आसिफ पिता आरिफ  खान निवासी मदीना मस्जिद के पास आजाद नगर, इंदौर सवार थे।कार की तलाशी के दौरान कार के डैशबोर्ड से दो छोटी प्लास्टिक की पन्नियों में सफेद रंग का पदार्थ और एक छोटा मोबाइलनुमा इलेक्ट्रॉनिक तोलकांटा मिला। जांच करने पर यह पदार्थ एमडी ड्रग्स पाया गया, जिसका कुल वजन 70 ग्राम था। तीनों आरोपियों एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस आरोपियों से इस महंगे नशे के नेटवर्क और अन्य सप्लायरों के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है। तनवीर के खिलाफ पूर्व में भी 9 अपराध दर्ज हैं। वह गुंडा लिस्ट में शामिल होने के साथ जिलाबदर भी रह चुका है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment