उज्जैन। नागझिरी क्षेत्र के ग्राम मानपुरा में रहने वाले एक व्यक्ति ने बेटी द्वारा प्रेम विवाह करने से दुखी होकर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी पुलिस ने बरामद किया है जिसमें लिखा है कि पड़ोस में रहने वाली महिला ने उसे कहीं का नहीं छोड़ा। उसकी पुत्री को प्रेम विवाह करने के लिए उकसाया और गांव के एक युवक के साथ प्रेम विवाह करवाया और दोनों भाग गए। मैं समाज में मुंह दिखाने के काबिल भी नहीं बचा हालांकि पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है। पुलिस परिजनों के बयान लेकर पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
नागझिरी थाना पुलिस ने बताया कि मानपुरा में रहने वाले जीवनसिंह धोलपुरिया पिता तेजाराम ने फांसी लगा ली। फांसी लगाने से पहले जीवन सिंह ने नीलगंगा क्षेत्र में रहने वाले अपने जीजा भगवान सिंह को फोन कर कहा कि मैं फांसी लगाकर आत्महत्या कर रहा हूं। जीजा ने उसे कहा कि ऐसा कदम मत उठाना और इसकी जानकारी जीजा ने तुरंत पुलिस और जीवन सिंह के परिवार के सदस्यों को दी। परिवार के सदस्य व पुलिस घर पहुंची तो वह फंदे पर लटका मिला। फंदे से उतारकर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है जिसमें मृतक ने लिखा है कि पड़ोस में रहने वाली एक महिला भूरी बाई ने उसे परेशान कर रखा था तथा उसका घर उजाड़ में इस महिला का हाथ है। उसकी पुत्री द्वारा जो प्रेम विवाह किया गया है। उसमें भी पड़ोस में रहने वाली महिला भूरी बाई व उसके पति राहुल का हाथ है। इन दोनों ने ही मेरी बेटी को बहला फुसलाकर उसका विवाह लखन से करवा दिया और दोनों भाग गए। इस वजह से मैं समाज में मुंह दिखाने के काबिल भी नहीं बचा । इस कारण में काफी दुखी हूं। जीवन सिंह ने सुसाइड नोट में लिखा कि इन तीनों ने मेरे जीवन को नर्क बना दिया है।
परिवार में दो बेटी और एक बेटा
जीवनसिंह के भाई ने बताया कि जीवन की दो बेटियां और एक बेटा है। वह एमपीइबी में ठेके पर काम करता था। पुलिस मामले में जांच कर रही है। पुलिस मामले में मृतक के परिजनों के बयान लेकर पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।