उज्जैन। बड़े पुल पर गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब एक फायर ब्रिगेड अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर के बाद वाहन का एक पहिया रेलिंग तोड़ते हुए हवा में लटक गया। गनीमत रही कि वाहन पुल से नीचे नहीं गिरा और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह के समय संभवतः चालक का नियंत्रण बिगड़ने से वाहन सीधे रेलिंग से जा टकराया। हादसा इतना जोरदार था कि पुल की रेलिंग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। हादसे के चलते कुछ समय के लिए पुल पर यातायात भी प्रभावित रहा।पुल पर हो चुके हैं कई हादसे-शिप्रा नदी पर बना यह बड़ा पुल शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल है। इसी पुल पर पहले भी गंभीर हादसे हो चुके हैं। बारिश के दौरान एक कार शिप्रा नदी में गिर गई थी, जिसमें थाना प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी, जबकि एक महिला पुलिसकर्मी का शव चार दिन बाद बरामद हुआ था।