प्रशासन ने 100 करोड़ की सरकारी जमीन से हटाया अवैध कब्जा, उषा राजे ट्रस्ट की थी भूमि

इंदौर।कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में आज इंदौर जिला प्रशासन और नगर निगम की टीम ने भू-माफियाओं और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जूनी इंदौर तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिपल्याराव में करीब 1.784 हेक्टेयर (लगभग 4.4 एकड़) सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इस प्राइम लोकेशन वाली जमीन की बाजार कीमत करीब 100 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।एसडीएम जूनी इंदौर घनश्याम धनगर के साथ राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस बल की संयुक्त टीम सुबह ही पिपल्याराव पहुंची। खसरा नंबर 19/1 व अन्य पर बने कच्चे-पक्के अवैध निर्माणों को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान विरोध की आशंका को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।एसडीएम घनश्याम धनगर ने बताया कि जिले में सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण के खिलाफ अभियान निरंतर जारी रहेगा। सीलिंग की जमीनों को चिन्हित कर उन्हें शासन के कब्जे में लिया जा रहा है ताकि भविष्य में इनका सार्वजनिक हित में उपयोग किया जा सके।उषा राजे ट्रस्ट से जुड़ी है जमीन-प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, यह बेशकीमती जमीन पूर्व में ऊषा राजे ट्रस्ट की रही है, जो वर्तमान में ‘शहरी सीलिंग’ (Urban Ceiling) के दायरे में सरकारी घोषित है। लंबे समय से इस पर कुछ लोगों ने अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण कर लिया था।
Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment