उज्जैन। बुधवार से शुरू हो रहे नए शैक्षणिक सत्र में तीन दिवसीय स्कूल चलें हम अभियान की शुरूआत होगी। इसके साथ ही स्कूलों में विद्यार्थियों का स्वागत किया जाएगा। जिले के सभी 1730 शासकीय विद्यालयों में इसका आयोजन होगा। आयोजन में जिला स्तर पर सांसद,विधायक,महापौर नगरनिगम अध्यक्ष स्कूलों में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। पहले दिन ही विद्यार्थियों को पुस्तकों का वितरण होगा। 4 अप्रेल को भविष्य से भेंट कार्यक्रम में अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
जिला शिक्षा अधिकारी महेन्द्र खत्री ने बताया कि अभियान को लेकर पिछले दिनों से ही तैयारी की जा रही है। इसके तहत 28 मार्च को संकुल प्राचार्य एवं प्राचार्यों की बैठक का आयोजन किया गया था। इसमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों,पालक शिक्षक संघ को निमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजन की शुरूआत राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने के साथ की जाएगी। उत्कृष्ट विद्यालय माधवनगर में सुबह 10 बजे से प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुआ जाएगा। जिला स्तर पर कार्यक्रम में सांसद, जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, विधायक,महापौर, नगर निगम अध्यक्ष शामिल होंगे। अभियान की शुरूआत जिले के 1730 शासकीय विद्यालयों में आयोजन के साथ होगी। जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों में 2.85 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं।
तीन दिवसीय आयोजन-
स्कूल चलें हम अभियान की शुरूआत बुधवार से होगी और यह कार्यक्रम 4 अप्रेल तक चलेगा। सहायक संचालक गिरीश तिवारी के अनुसार पहले दिन स्कूलों में विद्यार्थी स्वागत एवं किताबों के वितरण के साथ होगा। जिले के सभी स्कूलों में पहली से कक्षा 12 वीं तक के विद्यार्थियों को पुस्तकों का वितरण किया जाएगा। गुरूवार को पालक शिक्षक संघ की बैठक एवं खेलकूद के आयोजन होंगे। 3 अप्रेल को अवकाश रहेगा। 4 अप्रेल को भविष्य से भेंट कार्यक्रम होगा ,जिसमें जिले एवं ब्लाक के अधिकारी के साथ जनप्रतिनिधि स्कूलों में पहुंचेंगे एवं विद्यार्थियों से सीधे मुखातिब होंगे।