चोरी की आशंका में किया जप्त, पांच ड्रायवरों को लिया हिरासत में इंदौर से उज्जैन लाया गया था 2 करोड़ का तांबा स्क्रैप

उज्जैन। पांच टाटा एस लोडिंग गाड़ी में इंदौर से 2 करोड़ का तांबा स्क्रैप उज्जैन लाया गया था। चोरी की आशंका में सोमवार रात पुलिस ने घेराबंदी की और लोडिंग गाडियों को जप्त कर पांच ड्रायवरों को हिरासत में लिया। मामले में धारा 303(2) और धारा 35(1)(ई)/106  भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता का प्रकरण दर्ज किया जांच शुरू की है।
बताया जा रहा है कि रात में सूचना मिलने के बाद पंवासा थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई और चिमनगंज थाना इंचार्ज एसआई दिनेश भट की टीम ने घेराबंदी कर रणकेश्वर मंदिर के पास से पांच लोडिंग गाड़ी को पकड़ा। जिसमें प्लास्कि की बोरियों में तांबे का चूरा (स्क्रैप) भरा हुआ था। गाडियों के ड्रायवरों से स्क्रैप संबंधित बिल्ट और दस्तावेज मांगे गये। जो उनके पास नहीं मिले। स्क्रैप चोरी की आशंका में जप्त किया गया और ड्रायवरों सुरेश पिता मोहनलाल सोलंकी, राहुल पिता राधेश्याम चौहान, शंकर पिता कैलाशसिंह ढाला,रामकिशन पिता मांगीलाल पंवार और विनायक पिता रमेश राठौर सभी निवासी इंदौर को हिरासत में लिया गया। जिनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया और पूछताछ शुरू की गई। ड्रायवरों का कहना था कि उन्हे इंदौर से मोहसीन नामक व्यक्ति ने भाड़े पर बुलाया था और गाडियों में बोरियां रख उज्जैन रवाना किया था। चिमनगंज थाना एएसआई दिनेश सरोठिया ने बताया कि एक टीम मोहसीन की तलाश में इंदौर रवाना की गई है। उसके गिरफ्त में आने पर मामला स्पष्ट हो पायेगा। फिलहाल पांचों ड्रायवरों को नोटिस तामिल कराने के बाद रिहा किया गया है।
पीथमपुर के व्यापारी से मिली थी सूचना
एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि तांबा स्क्रैप की सूचना पीथमपुर के एक व्यापारी के माध्यम से मिली थी कि उज्जैन में तांबा स्क्रैप उतरने वाला है। जिसके आधार पर मामले में कार्रवाई की गई है। बरामद स्क्रैप की कीमत लगभग 2 करोड़ रूपये है। वहीं जप्त किये गये पांच वाहन 30 लाख रूपये के है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि उक्त स्क्रैप उज्जैन में कहां लाया गया था। पूर्व में स्क्रैप उज्जैन लाये जाने की जानकारी सामने आई है। पूरे मामले की विवेचना जारी है।
धर्मकांटे पर तौल, 16.5 टन निकला वजन
पुलिस द्वारा चोरी के संदेह में जप्त किया गया स्क्रैप बरामद करने के बाद  वाहनों को सेंटपॉल स्कूल के पास हरिओम धर्मकांटे पर ले लाया गया था। जहां वजन कराया गया। पांचों वाहनों सहित तांबा स्क्रैप का वजन  16,575 किलोग्राम होना सामने आया। जिसमें 11 टन तांबे का स्क्रैप शामिल है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment