उज्जैन। गांजा लेकर पैतृक गांव आये अधेड़ को सोमवार-मंलवार पुलिस ने सूचना मिलने के बाद घेराबंदी कर हिरासत में ले लिया। जिसे न्यायालय में पेश कर पूछताछ के लिये रिमांड पर लिया गया है। 15 साल पहले अधेड़ गांव छोड़कर कानवन धार चला गया था।
बड़नगर थाना प्रभारी अशोक पाटीदार ने बताया कि रात में सूचना मिली थी कि सफेद शर्ट, काला पेंट पहने एक व्यक्ति हनुमान मंदिर केसुररोड ग्राम भोमलवास में खड़ा है। जिसके पास मादक पदार्थ गांजा है, वह किसी का इंतजार कर रहा है। तत्काल उन्होने एसआई सुरेन्द्रसिंह गरवाल, चांदनी पाटीदार, प्रधान आरक्षक राहुलसिंह राठौर, आरक्षक महेश मोर्य, अजय चौहान को धरपकड़ के लिये रवाना किया। केसुररोड हनुमान मंदिर पहुंचने पर उक्त व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया लेकिन पुलिस टीम द्वारा पीछा कर उसे हिरासत में ले लिया। उसके पास से एक थैली जप्त की गई। जिसमें गांजा भरा हुआ था। पूछताछ करने पर उसका नाम भमरसिंह पिता भारतसिंह 52 साल निवासी कानवन जिला धार सामने आया। थाने लाकर अवैध मादक पदार्थ के साथ हिरासत में आये आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 का प्रकरण दर्ज किया गया। उसके पास से बरामद गांजा 1 किलो 114 ग्राम कीमत 32 हजार का सामने आया। मंगलवार दोपहर न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। संभावना है कि मादक पदार्थ से जुड़े कुछ ओर लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है।
बड़नगर फतेहपुर का मूल निवासी है भमर
थाना प्रभारी के अनुसार आरोपित से पूछताछ में पता चला कि वह मूलरूप से बड़नगर के फतेहपुर का रहने वाला है। 15 साल पहले बड़नगर छोड़कर कानवन धार चला गया था। उसे गांजा पीने का शौक था, जिसके चलते कुछ तस्करों से संपर्क हुआ। पीने के साथ उसने बेचना भी शुरू कर दिया था। पहले भी पैतृक गांव आकर गांजा ठिकाने लगा चुका है। इस बार भी धार कानवन से गांजा लेकर सप्लाय करने आया था। पुलिस इस बात का पता लगा रही है कि गांजा बड़नगर में किसे देने वाला था।
मादक पदार्थ की 20 दिन में तीसरी कार्रवाई
जिले में नशे से मुक्ति का अभियान पुलिस द्वारा चलाया जा रहा है। जिसमें बड़नगर थाना पुलिस की 20 दिन में तीसरी कार्रवाई सामने आई है। 4 अप्रैल को रूनिजा मार्ग प्रतिक्षालय से शेरू पिता इफ्तकार हुसैन निवासी नटराज टाकिज को 36.58 ग्राम ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया था। 6 अप्रैल को मौलाना ब्रिज के पास से बाइक सवार शिवराजसिंह शक्तावत निवासी पिपलिया मंडी मंदसौर को गिरफ्तार कर 3 किलो 125 डोडा चूरा जप्त किया था। मादक पदार्थ को लेकर पुलिस अलर्ट दिखाई दे रही है।
गांजा सप्लाय करने पैतृक गांव आया था अधेड़ -पुलिस ने घेराबंदी कर लिया हिरासत में, रिमांड पर पूछताछ