एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता घटकर करीब 100 मीटर तक पहुंच गई। आमतौर पर इंदौर में दृश्यता 3 किलोमीटर से अधिक रहती है, जबकि सुरक्षित उड़ान संचालन के लिए कम से कम 600 से 800 मीटर दृश्यता आवश्यक मानी जाती है। कम दृश्यता के चलते पुणे से सुबह 6:40 बजे आने वाली फ्लाइट सुबह 8.54 बजे इंदौर पहुंची और यही दिन की पहली लैंडिंग रही। वहीं अहमदाबाद से सुबह 7:10 बजे आने वाली उड़ान भी करीब 9:08 बजे इंदौर पहुंच सकी।
एयरपोर्ट प्रशासन की सलाह-उड़ान से पहले फ्लाइट की स्थिति जान लें-कोहरे का असर पुणे, अहमदाबाद, दिल्ली, मुंबई, जयपुर और भुवनेश्वर से आने वाली उड़ानों के साथ-साथ दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद, जबलपुर, गोवा, नागपुर और जम्मू जाने वाली उड़ानों पर भी पड़ा। सुबह हुई देरी का असर पूरे दिन के फ्लाइट शेड्यूल पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।मौसम विभाग के अनुसार यदि मौसम में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आने वाले समय में रात की उड़ानों पर भी कोहरे का असर बना रह सकता है। एयरपोर्ट प्रशासन यात्रियों को उड़ान से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दे रहा है।