उज्जैन।जमीन, मकान संबंधी लीज, एग्रीमेंट, पॉवर ऑफ अटॉर्नी जैसे 75 से ज्यादा काम अब एकदम आसान हो गए। संपदा 2.0 के तहत आमजन को पंजीयक कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। विभाग के अधिकृत पोर्टल पर पंजीयन करवाकर अपने दस्तावेजों को ऑनलाइन सबमिट करते हुए किसी भी शहर से अपना काम करवा सकेंगे।मुख्यालय भोपाल स्तर पर इसके लिए अलग से साइबर सब रजिस्ट्रार कार्यालय शुरू किया है। इसका लाभ लेने के लिए संबंधितों को सिर्फ sampda.mp.igr. gov.in पोर्टल पर पंजीयन कराना होगा। पंजीयन कराने के बाद आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज भी डिजिटल रूप से भेजना होंगे। दस्तावेजों का भोपाल साइबर सब रजिस्ट्रार कार्यालय में चैक किया जाएगा।सभी दस्तावेजों की जांच के बाद संपदा 2.0 के माध्यम से एआई और वीडियो कॉल द्वारा आपकी पहचान का सत्यापन (ई-केवाईसी) होगा। इसमें आपको दबावमुक्त होने की घोषणा करना होगी। पंजीकरण के बाद, आपको हस्ताक्षरित दस्तावेज सीधे ई-मेल या वाट्सएप पर प्राप्त होंगे, जिससे कागज गुम होने या फटने का डर नहीं रहेगा। इस नई पहल का लोग फायदा लेने लगे हैं।पूरी प्रक्रिया भोपाल से ऑनलाइन-साइबर सब रजिस्ट्रार कार्यालय शुरू होने के बाद से 75 से ज्यादा दस्तावेज ऑनलाइन हो रहे हैं। इसमें आमजन को ऑफिस के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती। पोर्टल पर पंजीयन कराने के बाद पूरी प्रक्रिया मुख्यालय भोपाल से ही ऑनलाइन हो जाती है।
ऑनलाइन होंगे संपत्ति की लीज, एग्रीमेंट, ऑफिस जाने का झंझट नहीं