बड़नगर। जिला शिवपुरी के करैत क्षेत्र में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की 14 फरवरी को दिन-दहाड़े गोली मारकर की गई निर्मम हत्या की घटना से संपूर्ण प्रदेश का अधिवक्ता समाज स्तब्ध, व्यथित एवं आक्रोशित है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वे अपने न्यायिक दायित्वों का निर्वहन कर रहे थे, उसी दौरान आपराधिक तत्वों द्वारा उन्हें निशाना बनाया गया। इस जघन्य कृत्य को अभिभाषक संघ बड़नगर ने न्याय व्यवस्था एवं विधि के शासन पर सीधा एवं गंभीर प्रहार करार दिया है।
अभिभाषक संघ बड़नगर द्वारा इस अमानवीय घटना की घोर निंदा करते हुए कहा गया कि यह केवल एक अधिवक्ता की हत्या नहीं, बल्कि न्याय की रक्षा एवं संवैधानिक मूल्यों की संरक्षा करने वाले वर्ग की सुरक्षा पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। यदि अधिवक्ता ही सुरक्षित नहीं रहेंगे, तो आमजन की न्याय तक सुगम पहुँच भी बाधित होगी। विगत वर्षों में अधिवक्ताओं पर प्राणघातक हमलों की पुनरावृत्ति ने अधिवक्ता समुदाय में असुरक्षा एवं रोष की भावना को और अधिक गहरा किया है। घटना के विरोध स्वरूप सोमवार को अभिभाषक संघ बड़नगर के समस्त अधिवक्ता न्यायालयीन कार्य से पूर्णत: विरत रहे।
अभिभाषक संघ द्वारा मुख्यमंत्री, मध्यप्रदेश शासन के नाम ज्ञापन प्रेषित कर अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट को शीघ्र प्रभाव से लागू किए जाने की मांग की गई। ज्ञापन का वाचन संघ के सचिव मयंक यादव द्वारा किया गया। तत्पश्चात उक्त ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बड़नगर के कार्यालय में विधिवत रूप से प्रस्तुत किया गया। ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के समस्त वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता व संघ कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे और एकजुटता के साथ अपनी मांगों का समर्थन किया।
अभिभाषक संघ के अध्यक्ष करण राठौड़ ने कहा कि यदि समय रहते अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस एवं प्रभावी कानून लागू नहीं किया गया, तो अधिवक्ता समुदाय व्यापक एवं चरणबद्ध आंदोलन हेतु बाध्य होगा। अधिवक्ता समाज न्याय व्यवस्था का अभिन्न स्तंभ है, जिसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना राज्य की प्राथमिक एवं नैतिक जिम्मेदारी है।उपरोक्त जानकारी संघ मीडिया प्रभारी दिलनवाज खान द्वारा प्रदान की गई।
तराना
अभिभाषक संघ द्वारा सोमवार को कार्य से विरत रहकर प्रतिवाद दिवस के रूप में मनाया गया अभिभाषक संघ तराना अध्यक्ष महेश जोशी ने बताया कि अभिभाषक संघ द्वारा शिवपुरी में हुई हत्या के विरोध में परिणामस्वरूप मध्य प्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद की अधिसूचना अनुसार 14 फरवरी को शिवपुरी के अधिवक्ता की गोली मारकर हत्या किए जाने के कारण सोमवार को प्रतिवाद दिवस मनाया गया इस मामले में अभिभाषक संघ द्वारा एस डी एम बृजेश सक्सेना को ज्ञापन भी दिया। जिसमें एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट राज्य में शीघ्र लागू किए जाने की मांग की गई। इस दौरान अभिभाषक देवी सिंह बडाल तखतसिंह सिसोदिया, जगदीश परमार,रमेश शर्मा, सुभाष शर्मा,महेश जोशी , रमेश चौधरी, सुधीर कुमार निगम ,गजराज सिंह रघुवंशी, लक्ष्मीनारायण जोशी, नारायण सिंह पाटीदार, हरिओम व्यास,शाहिद हुसैन अंसारी राजेंद्र जोशी, मुकेश महेश्वरी, महेश जोशी, रमेश चौधरी, दिलिप कुमार नागर, जयराम बडाल, शम्मी खान,शेख अकरम, शशिकांत भट्ट,विक्रम राठौर,दिपेंद्र सिंह चौहान, जितेंद्र सिंह चौहान, ममता चौहान, कोमल चौहान,बलराम जाट, महेश खत्री, प्रियेश व्यास, गिरीश प्रजापति आदि अधिवक्तागण उपस्थित थे।
एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर अधिवक्ता न्यायालयीन कार्य से विरत