एक अप्रैल से मर्सिडीज बेंज की कारें होंगी महंगी, कीमतों में 2% तक होगी बढ़ोतरी

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

देश में लग्जरी कारों के बाजार से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। जर्मनी की प्रमुख वाहन निमार्ता कंपनी मर्सिडीज-बेंज ने भारत में अपनी कारों की कीमतें बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी ने घोषणा की है कि एक अप्रैल 2026 से भारत में बिकने वाली उसकी सभी कारों की कीमतों में लगभग दो प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की जाएगी। कंपनी का कहना है कि यह निर्णय विदेशी मुद्रा में लगातार उतार-चढ़ाव और उत्पादन से जुड़ी लागत में वृद्धि के कारण लिया गया है।

कंपनी के अनुसार पिछले कुछ समय से अंतरराष्ट्रीय मुद्रा बाजार में अस्थिरता देखी जा रही है। विशेष रूप से यूरो के मुकाबले भारतीय रुपये की कीमत में गिरावट आई है, जिसका सीधा असर आयातित पुर्जों और तकनीक पर पड़ रहा है। इससे कंपनी की संचालन लागत लगातार बढ़ती जा रही है। इसी बढ़ती लागत को संतुलित करने के लिए कंपनी को अपने वाहनों की कीमतों में संशोधन करना पड़ा है। कंपनी के बिक्री और विपणन विभाग के उपाध्यक्ष ब्रेंडन सिसिंग ने कहा कि कंपनी हमेशा यह कोशिश करती है कि लागत बढ़ने का बोझ ग्राहकों पर न डाला जाए। लेकिन लंबे समय तक कारोबार को स्थिर और संतुलित बनाए रखने के लिए कभी-कभी कीमतों में बदलाव करना जरूरी हो जाता है। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से कंपनी अतिरिक्त लागत का बड़ा हिस्सा स्वयं वहन कर रही थी, लेकिन अब परिस्थितियों को देखते हुए कीमतों में सीमित बढ़ोतरी करना आवश्यक हो गया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment