शुजालपुर। अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन महिला इकाई का जिला स्तरीय फाग महोत्सव आष्टा रोड स्थित टीटीएल रेस्टोरेंट में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता करते हुए गुलाल व पुष्पवर्षा के बीच बरसाने की लठमार होली की झलक प्रस्तुत की और पारंपरिक फ ाग गीतों पर जमकर थिरकीं। कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश महामंत्री बीना माहेश्वरी, संभाग महामंत्री ग्रीष्मा शाह एवं जिला अध्यक्ष वीणा गोयल ने बताया कि आयोजन में आसपास की शाखाओं से भी महिलाएं शामिल हुईं। नगर अध्यक्ष लता विजयवर्गीय, तहसील अध्यक्ष अंजू सोनी तथा अकोदिया अध्यक्ष अमिता डागा ने उपस्थित महिलाओं का गुलाल लगाकर एवं फू ल बरसाकर स्वागत किया। अतिथियों को ठंडाई पिलाकर आगामी होली पर्व की शुभकामनाएं दी गईं। फ ाग उत्सव में राधा-कृष्ण स्वरूप में लाज खत्री और सरोज गोयल विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। रंगारंग प्रस्तुतियों और मनोरंजक खेलों के बाद सभी महिलाओं ने सहभोज का आनंद लिया। पूरे आयोजन में उल्लास, सौहार्द और सांस्कृतिक परंपराओं की छटा देखने को मिली। अंत में सभी ने एक-दूसरे को रंगों के इस पावन पर्व की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
उत्साह व उमंग के साथ मनाया फाग उत्सव, वैश्य महिला इकाई का आयोजन