उज्जैन में संघ शताब्दी वर्ष पर भव्य पथ संचलन
20 हजार स्वयंसेवक होंगे शामिल, शहर के 7 स्थानों से निकलेगा संचलन
उज्जैन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष पर उज्जैन में रविवार को ऐतिहासिक पथ संचलन निकाला जाएगा। इसमें करीब 20 हजार स्वयंसेवकों के शामिल होने का अनुमान है। यह संचलन 5 अक्टूबर को शाम 4 बजे शहर के सात अलग-अलग स्थानों से शुरू होगा और निर्धारित मार्गों से होते हुए सम्पन्न होगा।
अनुशासन और राष्ट्रभक्ति का संदेश
प्रचार प्रमुख ओजस व्यास ने बताया कि विजयादशमी पर्व के साथ ही संघ का शताब्दी वर्ष प्रारंभ हो चुका है। इसी कड़ी में उज्जैन महानगर में भव्य पथ संचलन आयोजित किया जा रहा है। सात नगरों से निकलने वाले इस संचलन में लगभग 3-3 हजार स्वयंसेवक भाग लेंगे। संचलन का उद्देश्य अनुशासन, एकता, राष्ट्रभक्ति और संस्कारों का संदेश देना है।
संचलन मार्ग और कार्यक्रम
-
केशव नगर – पुराना माधव कॉलेज मैदान से प्रारंभ होकर मालीपुरा, महाकाल चौराहा, गुदरी, गोपाल मंदिर, बड़ा सराफा, सतीगेट होकर पुनः मैदान पर समाप्त होगा। अध्यक्षता पंडित अमर डब्बावाला करेंगे।
-
विक्रमादित्य नगर – क्षीरसागर मैदान से नई सड़क, तेलीवाड़ा, बियाबानी होकर पुनः मैदान तक। अध्यक्षता राकेश वर्मा करेंगे।
-
मधुकर नगर – गुमानदेव मैदान से जाट धर्मशाला, गांधी नगर, फल मंडी होकर वापस मैदान। अध्यक्षता महंत विशाल दास जी महाराज करेंगे।
-
सुदर्शन नगर – सेंट पॉल स्कूल मैदान से आगर रोड, बापू नगर, मक्सी रोड होकर पुनः मैदान। अध्यक्षता अवतार सिंह अरोरा करेंगे।
-
माधव नगर – दशहरा मैदान से सुराना पैलेस, सांदीपनि चौराहा, पुलिस कंट्रोल रूम होकर पुनः मैदान। अध्यक्षता अकृत जैन करेंगे।
-
राजेन्द्र नगर – शास्त्री नगर मैदान से शांति नगर, सिंधी कॉलोनी होकर पुनः मैदान। अध्यक्षता डॉ. ऋद्धि खण्डेलवाल करेंगी।
-
कालिदास नगर – गुरुजी खेल प्रशाल से महानंदा नगर, जवाहर नगर, ट्रेजर बाजार होकर पुनः खेल प्रशाल। अध्यक्षता रमन सिंह सिकरवार करेंगे।
वरिष्ठ अधिकारियों का संबोधन
प्रत्येक नगर के संचलन से पूर्व संघ के वरिष्ठ अधिकारी स्वयंसेवकों को संबोधित करेंगे। अलग-अलग नगरों में प्रांत कार्यकारिणी सदस्य, सह संयोजक और धर्म जागरण संयोजक मुख्य वक्ता होंगे।
