उज्जैन में कल होगी कांग्रेस की किसान न्याय यात्रा: दिग्विजय सिंह, जीतू पटवारी और सचिन पायलट करेंगे जनसभा को संबोधित
उज्जैन में 12 सितंबर को कांग्रेस पार्टी द्वारा किसान न्याय यात्रा और जनसभा का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रदेशभर के किसानों की समस्याओं को लेकर आयोजित किया जा रहा है। जनसभा के बाद किसानों की आवाज उठाने के लिए न्याय यात्रा भी निकाली जाएगी।
चिमनगंज मंडी में होगी जनसभा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष और विधायक महेश परमार ने जानकारी दी कि जनसभा सुबह 11:30 बजे चिमनगंज मंडी में होगी। इसके बाद किसान न्याय यात्रा निकाली जाएगी। इस सभा में प्रदेशभर से आए किसान अपनी समस्याएं रखेंगे।
कांग्रेस के बड़े नेता होंगे शामिल
जनसभा में कांग्रेस के कई बड़े नेता शिरकत करेंगे। इनमें राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, संजय दत्त, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार और सज्जन सिंह वर्मा शामिल होंगे।
किसानों की समस्याओं को उठाएगी कांग्रेस
महेश परमार ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार वोट चोरी से सत्ता में आई है और किसानों, युवाओं व महिलाओं की समस्याओं को नज़रअंदाज़ कर रही है।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि:
-
मध्यप्रदेश में खाद और यूरिया की कमी से किसान परेशान हैं।
-
कई जगह खाद-यूरिया मांगने पर किसानों पर लाठियां बरसाई गईं।
-
बिजली कटौती ने किसानों की स्थिति और बिगाड़ी है।
-
सोयाबीन फसल का उचित भाव नहीं मिल पा रहा।
-
फसलें खराब होने के बावजूद बीमा राशि नहीं दी जा रही।
आंदोलन के बाद ज्ञापन भी सौंपा जाएगा
जनसभा और किसान न्याय यात्रा के बाद कांग्रेस नेताओं की ओर से ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसमें किसानों की खराब हुई सोयाबीन फसल का तत्काल सर्वे और मुआवजा दिलाने की मांग की जाएगी।
