उज्जैन। निर्माणाधीन मार्ग इंदौर सिक्स लेन पर शुक्रवार शाम सायकल सवार बालक पर डंपर का पहिया चढ़ गया। दुर्घटना में बालक की मौके पर मौत हो गई। घटनाक्रम देख ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पत्थर-डंडे से डंपर के कांच फोड़ दिये गये। पुलिस ने घटनास्थल से चालक को पकड़ा है।
इंदौर-उज्जैन मार्ग को सिक्स लेन में तब्दील किया जा रहा है। मार्ग पर ब्रिज निर्माण से लेकर अन्य कार्य चल रहे है, मार्ग पर आवागमन भी जारी है। इसी बीच शुक्रवार शाम मार्ग के ग्राम आलमपुर उड़ाना में ह्दय विदारक सड़क दुर्घटना हो गई। सायकल से किराना दुकान की ओर जा रहे बालक पर पीछे से आया डंपर क्रमांक एमपी 11 एच 1285 ने बालक को टक्कर मार दी। बालक के गिरते ही पहिया उसके ऊपर चढ़ गया। बालक की दबने से मौके पर मौत हो गई। घटनाक्रम देख ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा, उन्होने पत्थर-डंडे से डंपर के कांच फोड़ दिये। चालक ने भागने का प्रयास किया जिसे पकड़ लिया गया। दुर्घटना की खबर मिलते ही नानाखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। चालक को कस्टडी में लिया गया और डंपर को जप्त करने की कार्रवाई करने के साथ मृतक का बालक को चरक अस्पताल के पोस्टमार्टम कक्ष पहुंचाया। बालक का नाम आदित्य पिता राजेश अग्रवाल 13 साल निवासी आमलपुर उडाना सामने आया। बताया जा रहा था कि मृतक बालक दादा-दादी और मां के साथ रहता है। उसकी एक बहन है। पिता काम धंधे के चलते गुजरात में रहते है। प्रधान आरक्षक धर्मेन्द्र सूर्यवंशी के अनुसार मामले में मर्ग कायम किया गया है। शनिवार सुबह बालक का पोस्टमार्टम कराया जायेगा। डंपर मार्ग निर्माण कार्य में लगा हुआ है। दुर्घटना की जांच की जा रही है।
इधर भी दुर्घटना के बाद हुआ विवाद
शुक्रवार शाम नीलगंगा थाना क्षेत्र के हरिफाटक ब्रिज से इंदौररोड की ओर जाने वाले निर्माणाधीन मार्ग पर जेसीबी और स्कूटी के बीच टक्कर हो गई। स्कूटी क्षतिग्रस्त होने पर युवको ने जेसीबी चालक के साथ मारपीट कर दी। कुछ देर बाद मामला शांत हुआ और स्कूटी में नुकसान की क्षतिपूर्ति देने की बात तय हुई। जेसीबी चालक ने ठेकेदार को बुलाया, ठेकेदार स्कार्पियों लेकर पहुंचा और स्कूटी सवार युवकों से चर्चा करने लगा। तभी दोबारा विवाद शुरू हो गया। युवकों ने स्कार्पियों के कांच फोड़ दिये। विवाद की जानकारी लगते ही नीलगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी तरूण कुरील ने बताया कि कांच फोड़ने वाले 4 युवकों को पकड़ा गया है। जो हाटकेश्वर कालोनी और पंवासा के रहने वाले है। मामले में उनकी ओर से जेसीबी चालक पर टक्कर मारने का प्रकरण दर्ज किया गया। वही मार्ग निर्माण के ठेकेदार की शिकायत पर उसकी स्कार्पियों के कांच फोड़ने का केस दर्ज कर जांच में लिया गया।
निर्माणाधीन सिक्स लेन पर रोज दुर्घटना
इंदौर-उज्जैन के बीच बन रहे सिक्स लेन पर आये दिन दुर्घटना होना सामने आया रहा है। निर्माण कार्यो में लगे वाहनों के साथ चार पहिया वाहनों से दो पहिया वाहनों की टक्कर हो रही है। मार्ग इंदौर-उज्जैन को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। जिसके चलते आवागमन भी जारी है। इस मार्ग पर हर दिन जाम लगने की खबरे भी सामने आ रही है।
आक्रोशित ग्रामीणों ने पत्थर-डंडे से फोड़े कांच, चालक को पकड़ा सायकल सवार 13 वर्षीय बालक पर चढ़ा डंपर का पहिया