आईपीएल के शुरूआती 20 मैच का शेड्यूल जारी, 28 को बेंगलुरु में आरसीबी-एसआरएच का ओपनिंग मैच

ब्रह्मास्त्र नई दिल्ली

आईपीएल 2026 के शुरूआती 20 मैचों का शेड्यूल बुधवार को जारी कर दिया गया है। ओपनिंग मैच 28 मार्च को डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा।

यह मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। इसी मैदान में पिछले साल 4 जून को आरसीबी के पहले टाइटल जीतने के बाद हुई विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ मच गई थी और इसमें 11 लोगों की मौत हो गई थी।
हालांकि, एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु के मैच कर्नाटक सरकार की एक्सपर्ट कमेटी से मंजूरी के बाद ही होंगे। एक्सपर्ट कमेटी 13 मार्च 2026 को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम का निरीक्षण करेगी।

16 दिन में 4 डबल हेडर होंगे- आईपीएल 2026 के पहले फेज में 16 दिन में 20 मैच खेले जाएंगे। इनमें 4 डबल हेडर शामिल हैं। 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस 29 मार्च को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ अपने होम ग्राउंड वानखेड़े स्टेडियम में अपना पहला मैच खेलेगी।
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में अपने अभियान की शुरूआत करेगी। ऋतुराज गायकवाड की कप्तानी वाली सीएसके में संजू सैमसन पहली बार खेलते दिखेंगे। वे टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के प्लेयर आॅफ द टूर्नामेंट रहे।
दूसरे फेज का शेड्यूल चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद जारी होगा- आईपीएल के दूसरे फेज का शेड्यूल 5 राज्यों में होने वाले चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद जारी किया जाएगा। 2008 में आईपीएल शुरू होने के बाद जब भी देश में आम चुनाव (2009, 2014, 2019 और 2024) या किसी राज्य में विधानसभा चुनाव हुए हैं, तब टूर्नामेंट का शेड्यूल दो हिस्सों में जारी किया गया है।

2 दिन टली ओपनिंग- देश के 5 राज्यों में चुनाव के कारण आईपीएल के ओपनिंग मैच को 2 दिन बढ़ाया गया है। पहले लीग की शुरूआत 26 मार्च को होनी थी, लेकिन अब लीग 28 मार्च को होगी। विधानसभा चुनाव वाले राज्यों में 4 ऐसे प्रमुख स्टेडियम हैं। जहां आईपीएल के मैच होने हैं। तमिलनाडु के चेन्नई स्थित एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) चेन्नई सुपर किंग्स का होम ग्राउंड है। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में स्थित ईडन गार्डन्स कोलकाता नाइट राइडर्स का घरेलू मैदान है, जबकि असम के गुवाहाटी में बना बारसापारा क्रिकेट स्टेडियम राजस्थान रॉयल्स का सेकेंड होम वेन्यू रहा है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment