उज्जैन। फोटोग्राफर एसोसिएशन के सदस्यों ने 3 दिन पहले किराये पर लाखों के कैमरे हड़पने वाले युवक की शिकायत पुलिस को दर्ज कराई थी। सोमवार को पुलिस ने उक्त युवक को हिरासत में ले लिया। जिससे 7.50 लाख के कैमरों के साथ 2.75 लाख के अन्य उपकरण बरामद किये गये है।
माधवनगर थाना प्रभारी राकेश भारती ने बताया कि 3 दिन पहले ग्राम भैंसादा में रहने वाले कृपाल पिता बाबूलाल सोलंकी ने फोटोग्राफर एसोसिएशन सदस्यों के साथ थाने आकर शिकायत दर्ज कराई थी कि 1 मार्च को विनायक कैफे के पास उससे अवंतिपुरा में रहने वाले रजत पिता दीपचंद बडवाया ने 2 दिनों के लिये 3 कैमरे शादी समारोह में वीडियोग्राफी के लिये किराये पर लिये थे। लेकिन अब तक नही लौटाये। कैमरे 7.50 लाख कीमत के है। मामले में अमानत में खयानत का प्रकरण दर्ज कर जांच में लिया गया। वहीं रजत की तलाश के लिये एसआई सालगराम चौहान, आरती डाबर, प्रधान आरक्षक रवि शर्मा, आरक्षक संजय बिजापरी और सुभाष की टीम गठित की गई। सोमवार को रजत को पाड्याखेड़ी ब्रिज के पास से हिारसत में लिया गया। जिससे पूछताछ के बाद तीनों कैमरों के साथ एक अन्य कैमरा और चार्जर एसेसरीज बरामद की गई है। जिसकी कीमत 10.25 लाख रूपये है। आरोपित युवक को सोमवार दोपहर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया है।
आॅनलाइन गेम खेलने का आदी है रजत
थाना प्रभारी के अनुसार कैमरे हड़पने वाला आॅनलाइन गेम खेलने का आदी है। उस पर गेम खेलने के दौरान कर्ज हो गया था। जिसके चलते उसने कैमरे हड़पने की साजिश रची थी। उसके द्वारा कैमरों को ठिकाने लगाने का प्रयास किया जा रहा था। कृपाल सोलंकी के साथ एक अन्य फोटाग्राफर का कैमरा भी किराये पर फोटोग्राफी करने के नाम पर हड़प चुका था।
हिरासत में आया लाखों के कैमरे हड़पने वाला युवक