सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र के बहादुरगंज में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक परिवार के घर पर हमला किया

उज्जैन के सेंट्रल कोतवाली थाना क्षेत्र के बहादुरगंज में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात एक परिवार के घर पर हमला किया गया। परिवार का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाला कृष्ण भारती 6 लोगों के साथ वहां पहुंचा और घर में तोड़फोड़ की।आरोपियों ने बाहर खड़ी स्विफ्ट डिजायर कार के कांच भी फोड़ दिए। घटना की जानकारी शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे सामने आई।पीड़ित कुसुम राठौर के मुताबिक, विवाद रक्षाबंधन से करीब तीन दिन पहले शुरू हुआ था। उस दौरान पड़ोस में रहने वाला युवक उनके घर की छत पर पहुंच गया था। इस बात पर परिवार के सदस्यों और युवक के बीच विवाद हुआ। इसके बाद परिवार ने पुलिस से शिकायत की थी। कुसुम का कहना है कि युवक ने माफी मांगकर दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया था।परिवार का आरोप है कि युवक किसी दूसरे मामले में जेल में बंद था। कुछ समय पहले जेल से छूटने के बाद वह उन्हें लगातार धमकियां दे रहा था। उनके बेटे को फोन और मैसेज कर अपशब्द कहे जा रहे थे। परिवार ने एक साल के बच्चे को उठाकर ले जाने और बंदूक से जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।कुसुम के मुताबिक, घटना वाली रात परिवार पुलिस से बात करके घर लौटा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर सुबह टीआई से मिलने को कहा था। परिवार का कहना है कि वे घर का गेट बंद कर रहे थे, तभी कृष्ण भारती अपने 6 साथियों के साथ वहां पहुंचा।परिवार के मुताबिक, कुछ लोगों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था और उनके हाथों में चाकू थे। आरोप है कि उन्होंने घर में तोड़फोड़ की और कुछ महीने पहले खरीदी गई कार के कांच तोड़ दिए। परिवार ने बताया कि घटना के समय उनका एक साल का पोता घर के दरवाजे पर मौजूद था। परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

कोतवाली थाना प्रभारी दीनबंधु सिंह तोमर ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को जल्द पकड़कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। मामले की जांच जारी है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment