सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत

पटना में 6, बक्सर में 4 की गई जान, गाड़ियों के परखच्चे उड़े-सड़क पर बिखरीं लाशें

ब्रह्मास्त्र पटना

बिहार में रविवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में कुल 10 लोगों की मौत हो गई। पटना के बिहटा में आॅटो और ट्रक की टक्कर में छह लोगों की जान चली गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। जानकारी के मुताबिक, सभी लोग मनेर दरगाह में उर्स देखकर आॅटो से आरा लौट रहे थे। मृतकों में दो बच्चे भी शामिल हैं।

वहीं बक्सर-पटना फोरलेन पर एक तेज रफ्तार कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह चूर-चूर हो गई। इस दुर्घटना में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

बिहटा में 50 मीटर में बिखरी लाशें- आरा के कुछ लोग मनेर दरगाह में उर्स देखकर अपने घर आरा लौट रहे थे। इसी दौरान रात 2 बजे के करीब लेखनटोला पुल के पास रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने आॅटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आॅटो सवार सड़क पर जा गिरे और करीब 50 मीटर तक शव बिखर गए। आॅटो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, उसके नीचे और सड़क पर पूरा खून फैला हुआ है। हादसे के बाद मौके पर आॅटो सवार के कपड़े, चप्पल और दूसरे सामान सड़क पर बिखरे नजर आए। मृतकों में दो छोटे बच्चे भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर बिहटा थाना भेज दिया है। हादसा लेखनटोला पुल के पास हुआ है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment