गुना। लोकल यूथ महासंघ ने सोमवार मुख्यमंत्री के नाम सम्बोधित हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा है। जिसमें उन्होंने अपनी समस्याओं का उल्लेख करते हुए युवा राजस्व सर्वेयर की मांगों को जिला प्रशासन के समख रखा। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में लोकल यूथ महासंघ ने बताया कि राजस्व विभाग द्वारा नोकल यूथ की नियुक्ति फसल गिरदावरी (डिजिटल क्रॉप सर्वे) कार्य के लिए प्रत्येक पटवारी हल्का ग्राम में जुलाई 2024 में आॅनलाइन पोर्टल द्वारा हुई थी। लोकल यूथ ने शासन द्वारा प्रदाय कार्य को विकट परिस्थितियों के बावजूद पूरी ईमानदारी के साथ तय समय सीमा में पूर्ण किया है और वर्तमान में शासन द्वारा प्रदाय कार्य फार्मर आईडी, भूमि ई-केवाईसी बनाने में पूरी ईमानदारी के साथ कर रहे हैं। उक्त सभी लोग ठंड, बरसात व धूप में एक-एक खेत में जाकर जहरीले जानवरों के खतरों से खेल कर ग्रामीणों के अभद्र व्यवहार को सहकर सर्वे कार्य कर रहे हैं। इसके बावजूद उनका मात्र 8 रुपए खसरा के हिसाब से पेमेंट समय पर नहीं होता है। इस मौके पर लोकल यूथ महासंघ मप्र के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार रघुवंशी ने अपने साथियों के साथ मुख्यमंत्री से मांग की है कि सर्वेयरों का नियमितकरण किया जाए, लोकल यूथ सर्वेयर को ग्राम रोजगार सहायक की तर्ज पर राजस्व सहायक का दर्जा दिया जाए। सुरक्षा बीमा सहित खसरे की दूरी 0 मीटर से 50 मीटर की जाए और उनका परिचय पत्र बनवाया जाए। ग्रामीणों के अभद्र व्यवहार के लिये शासन द्वारा सख्त निर्देश ग्रामीणों को दिया जाए। लोकल यूथ सर्वेयर की नई भर्ती पर तत्काल रोक लगाई जावे एवं लोकल यूथ सर्वेयर को बिना किसी ठोस कारण के ना हटाया जावे।
लोकल यूथ महासंघ मप्र ने मुख्यमंत्री के नाम सौंपा हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन