उज्जैन। क्षिप्रा नदी से गुरूवार सुबह एक युवक की लाश मिलना सामने आया। युवक बुधवार से लापता था, उसके पास मिले मोबाइल से पहचान हुई। मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा और आत्महत्या का सामने आया है।
महाकाल थाना एएसआई बलराम जाट ने बताया कि सुबह कुछ लोगों ने सूचना देकर बताया कि क्षिप्रा नदी सिद्ध आश्रम के सामने पेंट टीशर्ट पहने एक युवक की लाश पानी में डूबी दिखाई दे रही है। पुलिस मौके पर पहुंचती उससे पहले होमगार्ड जवानों और तैराक दल के सदस्यों ने शव को बाहर निकाल लिया था। मृतक के पास मोबाइल मिला, जो वाटरपू्रफ था, उससे कुछ देर में रिंग बजने लगी। जिसे रिसिव करते ही पहचान हो गई। मृतक जयसिंहपुरा का रहने वाला लोकेश उर्फ पप्पू पिता कैलाश राव 28 साल था। परिजनों के आने पर शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा गया। परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि लोकेश मजदूरी करता था और बुधवार दोपहर से लापता था। उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था, शादी की बात भी हुई थी, लेकिन युवती ने बाद मे मना कर दिया था। संभवत: इसी के चलते लोकेश ने आत्महत्या की है। परिवार उसे कल से तलाश कर रहा था। एएसआई के अनुसार प्रथमदृष्टता डूबने से मौत होना सामने आया है। जिस तरह कपड़ों में लाश मिली है, उससे मामला आत्महत्या का है। परिजनों के बयान दर्ज किये जायेगें।
लापता युवक की क्षिप्रा नदी से मिली लाश -प्रेम प्रसंग में आत्महत्या की आशंका