उज्जैन। मक्सीरोड पर रविवार-सोमवार रात युवक को दोस्त से मोबाइल वापस मांगना महंगा पड़ गया। दोस्त ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने हमला करने वाले के खिलाफ प्राणघातक हमले का प्रकरण दर्ज किया है।
पंवासा थाना क्षेत्र के मक्सीरोड चौराहा पर रात में सेंट थॉमस स्कूल के पास रहने वाले रोहित पिता राजेश बैरागी 26 साल पर एक युवक ने चाकू से हमला कर दिया। घटनास्थल के पास ही रोहित का भाई दीपक पंचर की दुकान लगाता है। दीपक को खबर मिली कि रोहित पर चाकू से हमला हुआ है तो वह मौके पर पहुंचा और घायल भाई को अस्पताल पहुंचाया। चाकूबाजी की सूचना मिलने पर पंवासा थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची। घायल के भाई दीपक की शिकायत पर मामले में धारा 109 (1), 296 (ए) का प्रकरण दर्ज किया गया। घायल के बयान दर्ज करने पर सामने आया कि उस पर चाकू से हमला अजय उर्फ अप्पी ने किया है। जो बापूनगर का रहने वाला है, अजय उसका दोस्त है। उसने कुछ दिन पहले मोबाइल चलाने के लिये लिया था, रात में वह मक्सीरोड आया था, उससे मोबाइल मांगा तो विवाद करने लगा। उसे विवाद से रोकने का प्रयास किया तो चाकू मार दिये। थाना प्रभारी गमरसिंह मंडलोई के अनुसार आरोपी की तलाश में एक टीम बापूनगर भेजी गई थी, लेकिन सामने आया कि वह घूमक्कड़ प्रवृति का है और शराब पीने का आदी है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी है।
मोबाइल वापस मांगा तो चाकू से कर दिया हमला