उज्जैन। बुधवार को भूतड़ी अमावस्या पर शिप्रा नदी के रामघाट और केडी पैलेस में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। मान्यता है कि इस दिन शिप्रा नदी में डुबकी लगाने से पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है और कष्ट दूर हो जाते हैं। साथ ही केडी पैलेस स्थित 52 कुंड में स्नान करने से बुरी आत्माओं से मुक्ति मिलती है।
52 कुंड में बुधवार सुबह से ही मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र के ग्रामीण इलाकों से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष बुरी आत्मा के साए को भगाते नजर आए। इस दौरान कुछ श्रद्धालु हाथों में तलवार, लोहे की चेन और चाकू लेकर खुद को चोट पहुंचाते दिखे।भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने गहरे पानी में जाने वालों को लगातार चेतावनी दी। दोपहिया, कार और बसों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई थी।