उज्जैन। प्रेमिका के दूसरे युवक से बात करने से नाराज युवक ने रविवार रात जहरीला पदार्थ खा लिया। उसे परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे। सोमवार सुबह युवक की मौत हो गई।
गंभीर डेम क्षेत्र के ग्राम अम्बोदिया के समीप रहने वाले चंदर पिता भागीरथ चौहान 24 साल को रविवार रात परिजन गंभीर हालत में चरक अस्पताल लेकर पहुंचे थे। चंदर ने जहरीला पदार्थ खाया था। उसकी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती किया। लेकिन सोमवार सुबह चंदर की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम किया और पोस्टमार्टम कराया। परिजनों ने बताया कि चंदर ने जहर खाने के बाद हालत बिगड़ने पर अपनी मां शानूबाई को बताया था। चंदर मजदूरी करता था और अविवाहित था, बताया जा रहा है कि उसका किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। उक्त युवती दूसरे युवक से बातचीत करने लगी थी। जो चंदर का अच्छा नहीं लगा था। उसका युवती से विवाद हुआ था, जिसके बाद उसने ऐसा कदम उठाया। पुलिस के अनुसार परिजनों के बयान दर्ज किये जायेगें और मामले की जांच शुरू की जायेगी। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिये सौंपा गया है।
प्रेम प्रसंग में जहरीला पदार्थ खाने वाले युवक की मौत