पालघर।महाराष्ट्र के पालघर जिले में स्थित एक केमिकल प्लांट में सोमवार दोपहर करीब 2 बजे ओलियम गैस का रिसाव हुआ है। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ और आपातकालीन की कई टीमें मौके पर पहुंचीं।रेस्क्यू टीमें प्लांट से गैस रिसाव रोकने की कोशिश में लगी हैं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इलाके से करीब 2600 लोगों को सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया है। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं मिली है।पालघर के एसपी यतीश देशमुख ने बताया- बोइसर स्थित भगेरिया केमिकल्स कंपनी में सोमवार दोपहर 2 बजे ओलियम गैस लीक होने की सूचना मिली।जिला प्रशासन और फायर ब्रिगेड गैस रिसाव को नियंत्रित करने के लिए ऑपरेशन चला रहे हैं। फिलहाल रिसाव जारी है। ओलियम गैस के कारण बोइसर के ऊपर सफेद धुएं जैसा बादल बन गया है।उन्होंने बताया कि हवा की दिशा में आने वाले रिहायशी और औद्योगिक इलाकों को खाली कराया जा रहा है और इलाके में नाकाबंदी भी की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे हवा और धुएं की दिशा के विपरीत ओर जाएं, सुरक्षित स्थान पर पहुंचें और घबराएं नहीं।
पालघर केमिकल-प्लांट से गैस का रिसाव:इलाके में अफरा-तफरी, 2600 लोगों को सुरक्षित शिफ्ट किया