महिदपुर। क्षेत्र के अति प्राचीन एवं आस्था के केंद्र पम्पापुरी धाम में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद् देवी भागवत कथा का भव्य समापन हुआ। कथा के विश्राम दिवस पर मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्र के लोकप्रिय जननायक और समाजसेवी विजय सिंह गौतम सम्मिलित हुए। विजय सिंह गौतम के पम्पापुरी धाम पहुँचने पर आयोजन समिति और स्थानीय ग्रामीणों ने ढोल-ताशों और भव्य आतिशबाजी के साथ उनका आत्मीय अभिनंदन किया। पूरा परिसर जयकारों से गुंजायमान हो उठा। इसके पश्चात उन्होंने कथा पंडाल पहुँचकर व्यास पीठ का पूजन किया और राष्ट्रीय संत, परम पूज्य गुरुदेव सरकार श्री (अंबाजी धाम निपनिया) के चरण वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर अपनी आस्था और सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए विजय सिंह गौतम ने पम्पापुरी धाम में गौशाला निर्माण हेतु 1 लाख 11 हजार रुपए की सहयोग राशि समिति को भेंट की। उन्होंने कहा कि गौ-सेवा ही सबसे बड़ी सेवा है और धार्मिक स्थलों पर जीव-दया के प्रकल्पों से समाज को नई दिशा मिलती है। कथा के अंतिम दिन हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं ने संत श्री के मुखारविंद से श्रीमद् देवी भागवत कथा का रसपान किया। कथा विश्राम पर महाआरती का आयोजन हुआ, जिसमें जनसमूह ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आरती के पश्चात विशाल महाप्रसादी (भंडारा) का वितरण किया गया, जहाँ हजारों भक्तों ने धर्म लाभ लिया।
पम्पापुरी धाम जैसे पवित्र स्थान पर गौशाला का निर्माण एक सराहनीय पहल है। इस पुण्य कार्य में गिलहरी रूपी योगदान देना मेरा सौभाग्य है।
पम्पापुरी धाम में गौ-सेवा का संकल्प, गौतम ने गौशाला निर्माण हेतु दिए 1.11 लाख रुपए