नासिक सेशन कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया
ब्रह्मास्त्र नासिक/मुंबई
नासिक के स्वयंभू बाबा और रेप के आरोपी अशोक भोंदू खरात के खिलाफ जांच तेज हो गई है। स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम को जांच के दौरान करीब 1,500 करोड़ रुपए की संपत्ति और 100 आपत्तिजनक वीडियो मिले हैं। पुलिस ने खरात को मंगलवार को नासिक सेशन कोर्ट में पेश किया जहां से उसे फिर पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।
कोर्ट में संक्षिप्त सुनवाई में पुलिस ने खरात पर 5 मानव बलि देने का संदेह जताया है। कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों खरात की गाड़ी पर हमला करने की कोशिश की।
जांच का दायरा बढ़ने के बाद नासिक पुलिस और आयकर विभाग को भी इस मामले में शामिल किया गया है। नासिक जिले के सिन्नर में मंदिर ट्रस्ट चलाने वाले खरात को 18 मार्च को गिरफ्तार किया गया था। 35 वर्षीय महिला ने उस पर तीन साल तक बार-बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है।
दो और केस दर्ज
इस मामले में दो और केस भी दर्ज किए गए हैं। इनमें एक सात महीने की गर्भवती महिला के साथ यौन शोषण और दूसरी महिला को दोबारा शादी कराने का झांसा देकर शोषण करने के आरोप शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि साइबर पुलिस इन वीडियो की जांच कर रही है। खरात से मिलनें कई राजनेता भी आते रहे हैं। मामले की गंभीरता और व्यापकता को देखते हुए कई एजेंसियां मिलकर जांच कर रही हैं। इसमें डिजिटल सबूतों और पैसों के लेन-देन की भी जांच शामिल है।