उज्जैन।उज्जैन रेलवे स्टेशन पर एक धर्म विशेष के छात्र को हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने जमकर पीट दिया। घटना का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें कार्यकर्ता युवक से नाम पता पूछने के बाद उसकी पिटाई करते नजर आ रहे हैं।घटना शुक्रवार शाम की बताई जा रही है। जहां एक छात्र शेख अमन सतना से तीन छात्राओं के साथ उज्जैन रेलवे स्टेशन पर आया था। यहां पर हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना लगने पर पहले उन्होंने छात्र से बात की। इस दौरान उसने बताया कि दोस्त के साथ उज्जैन घूमने आया था। इसके बाद हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने छात्र का आधार देखा तो पता चला कि युवक सतना से भोपाल फिर उज्जैन पहुंचा था। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने शेख की जमकर पिटाई कर दी। घटना का वीडियो वायरल हुआ है जिसमें हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता उज्जैन रेलवे स्टेशन के बाहर छात्र की पिटाई करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पुलिस ने आकर बीच बचाव किया और तीनों छात्रा और छात्र को जीआरपी के हवाले कर दिया।
जीआरपी टीआई अमित भावसार ने बताया कि एक छात्र और तीन छात्राओं को थाने में बैठाया है। उनके परिवार वालों को सूचना दी है। सभी के आने पर बयान लेने के बाद कार्रवाई की जाएगी।