कौन हैं सलीम? जो इस्लाम और हलाला पर खुलकर बोलते रहते हैं, रेत दिया गला

ब्रह्मास्त्र गाजियाबाद

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी की अली गार्डन कॉलोनी में शुक्रवार को 50 वर्षीय यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर उनके ही कार्यालय में हुए जानलेवा हमले के पीछे कट्टरपंथियों का हाथ बताया जा रहा है। माना जा रहा है कि उन पर ये जानलेवा हमला उनके ही मुस्लिम समाज की कुरीतियों, कुरान, मदरसों और मुहम्मद के प्रति खुलकर दिए जाने वाले बयानों से नाराज होकर किया गया है। उन्हें पहले भी धमकियां मिलती रही हैं।

बता दें कि शुक्रवार दिन में बाइक सवार हमलावरों ने सलीम वास्तिक का आॅफिस में घुसकर गला रेत दिया और पेट में चाकू से कई वार कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। उन्हें दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बताई जा रही है। एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की तलाश जारी है।

कौन हैं सलीम वास्तिक ?
सलीम ‘सलीम वास्तिक 0007’ नाम से यूट्यूब चैनल चलाते हैं, जिस पर उनके करीब 28 हजार फॉलोअर हैं। खुद को एक्स मुस्लिम कहने और लिखने वाले सलीम वास्तिक अपने वीडियो में इस्लामिक कुरीतियों, हलाल प्रथा, मदरसा शिक्षा और धार्मिक व्याख्याओं पर खुलकर टिप्पणी करते रहे हैं। वो अपने वीडियो में कुरान की आयतों पर भी सवाल उठाते और मुस्लिम समाज से आत्ममंथन की अपील करते रहे हैं।
सलीम का कहना रहा है कि मुसलमानों को यह सोचना चाहिए कि हिंदू समाज में उनके प्रति नकारात्मक धारणा क्यों बन रही है। उन्होंने इस्लाम को विदेशी मजहब बताते हुए ऐतिहासिक धर्मांतरणों पर भी टिप्पणी की थी। मदरसों की शिक्षा व्यवस्था और मुस्लिम समाज की सामाजिक-आर्थिक स्थिति पर भी वह लगातार कटाक्ष करते रहे हैं। उनके इन बयानों को लेकर समुदाय के कुछ वर्गों में उनके प्रति काफी नाराजगी देखी जाती रही है। जिसके चलते उन्हें पहले भी धमकियां मिलती रही हैं।

बताया जाता है कि सलीम ने लोनी के आजाद स्कूल से पढ़ाई की और अनिवार्य विषय होने के कारण जबरन कुरान भी पढ़ी। सलीम ने एक वीडियो में बताया था कि परिवार में सिर्फ उनकी मां और बहनें धार्मिक रूप से कट्टर हैं। मां का इंतकाल हो चुका है। हालांकि, सलीम और उनके भाइयों को अपेक्षाकृत उदार सोच का बताया जाता है। कुछ मुस्लिम संगठनों के बीच यह धारणा भी रही कि उन्हें हिंदू संगठनों या आरएसएस से समर्थन मिलता है, जिसे लेकर विवाद गहराता गया। इस बात को खुद सलीम ने अपने एक वीडियो में साझा किया था।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment