कैमरों की मदद से पुलिस ने लगाया पता, रिमांड पर 2 आरोपी काम छोड़ चुके कर्मचारी ने चुराई थी जेसीबी

उज्जैन। हाइवे निर्माण में लगी जेसीबी चोरी का मामला सामने आने पर पुलिस ने आसपास क्षेत्र में लगे कैमरों के फुटेज देखे और 2 दिनों में चोरी करने वाले 2 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। एक बदमाश निर्माण कंपनी प्रोजेक्ट का पूर्व कर्मचारी होना सामने आया। दोनों को रिमांड पर लिया गया है।
खाचरौद थाना प्रभारी धनसिंह नलवाया ने बताया कि 31 अगस्त को हाऊसिंग बोर्ड कालोनी में रहने वाले लक्ष्मण सिसौदिया ने शिकायत दर्ज कराई कि कंचनखेड़ी फंटे के पास ग्रीफ फील्ड हाइवे का निर्माण कार्य चल रहा है। जहां से 29 अगस्त की रात जेसीबी क्रमांक एमपी 13 डीए 1476 अज्ञात बदमाश चुराकर ले गये है। 2 दिनों तक तलाशी की लेकिन जेसीबी नहीं मिली। मामले में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज कर एसआई अमित डामर, प्रधान आरक्षक सुनीलसिंह बैस, यशपालसिंह सिसोदिया, महेन्द्र राडोदिया, जितेन्द्र दिवाकर, नारायण सरा, मनीष विश्वकर्मा और आरक्षक प्रफुल की टीम गठित कर क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखना शुरू किये। फुटेज से पता चला कि जेसीबी चोरी में 2 आरोपी शामिल थे, उनके जाने का रूट ट्रेस किया गया और 2 दिन की तलाश के बाद मकला फंटे से चोरी में शामिल शिवा पिता कृष्ण कमल पांडे 20 साल निवासी वार्ड 14 सरई, जिला सिंगरौली और डालचंद पिता सुरेशप्रसाद विश्वकर्मा 24 साल निवासी भादाबर, थाना बड़वारा जिला कटनी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर 25 लाख कीमत की जेसीबी बरामद की गई और बुधवार दोपहर कोर्ट में पेश कर पूछताछ के लिये एक दिन की रिमांड पर लिया गया।
रक्षाबंधन अवकाश का उठाया फायदा
पुलिस पूछताछ में पता चला कि शिवा पूर्व में हाईवे प्रोजेक्ट कंपनी में काम कर चुका था। काम छोड़ने के बाद उसे साइड की पूरी जानकारी थी। पूछताछ में उसने बताया कि उसे पता था कि रक्षाबंधन होने पर सभी मजदूर अपने घर चले गये थे। निर्माण कार्य पर सन्नाटा था, इसी का फायदा उठाकर उसने साथी के साथ जेसीबी चोरी को अंजाम दिया था। थाना प्रभारी के अनुसार शिवा के खिलाफ पूर्व में भी सिंगरौली में जेसीबी चोरी का मामला दर्ज होना सामने आया है।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment