उज्जैन।उज्जैन-भोपाल रेल लाइन पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। रेलवे ब्रिज की मरम्मत करने पहुंची क्रेन गार्डर सहित नदी में गिर गई। हादसे में कोई हताहत तो नहीं हुआ, लेकिन लाखों रुपए का नुकसान हुआ है और उज्जैन आने वाली ट्रेनें प्रभावित हुई हैं।उज्जैन से भोपाल रूट पर शहर से करीब 30 किमी दूर तराना स्टेशन के पास टिल्लर नदी पर दो ब्रिज से अप-डाउन ट्रेनों की आवाजाही होती है। इनमें से एक पुराने ब्रिज के गार्डर में खराबी होने के चलते गुरुवार से उसे बदलने का काम चल रहा था। आज क्रेन से गार्डर बदला जा रहा था। दोपहर में इसी दौरान असंतुलित होने के कारण क्रेन गार्डर सहित नदी में जा गिरी।इधर, सूचना मिलते ही उज्जैन रेलवे स्टेशन से राहत दल मौके पर भेजा गया। घटना के बाद कई ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। अभी एक ही ब्रिज से ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। इस संबंध में मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। शाम तक फिर से रूट शुरू होने की संभावना है। कर्मचारियों ने बताया कि अगर क्रेन कुछ आगे गिरती तो ब्रिज टूटने की संभावना थी।
उज्जैन-भोपाल रेल लाइन पर बड़ा हादसा:गार्डर बदलते समय क्रेन नदी में गिरी, ट्रेनें प्रभावित