इंगोरिया में 20 घंटे में 2 सड़क हादसे, 3 की मौत
पगड़ी के कार्यक्रम से लौट रहे पति-पत्नी को कार ने कुचला
उज्जैन। बड़नगर मार्ग इंगोरिया क्षेत्र में शनिवार-रविवार के दरमियान 20 घंटे में 2 सड़क हादसे होना सामने आये। दोनों हादसों में 3 लोगों की मौत हुई है। दोनों दुर्घटना कार से होना सामने आई है।
इंगोरिया थाना प्रभारी दिपेश व्यास ने बताया कि रविवार शाम 4 बजे के लगभग थाना क्षेत्र के ग्राम चिकली स्थित जागृति कोल्ड हाऊस के पास कार क्रमांक जीजे 23 सीएच 1431 ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में मौके पर दोनों की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, इस दौरान उनके नाम मेहरबानसिंह डाबी 58 साल और मानाबाई 55 साल निवासी ग्राम खडोतिया सांवेर इंदौर सामने आये। उनके साथ दूसरी बाइक पर मृतक मेहरबान का साला हेमसिंह पंवार भी आ रहा था। उसने बताया कि जीजा और बहन बाइक क्रमांक एमपी 09 वी एफ 2504 से उन्हेल के पास ग्राम नवादा में रिश्तेदार के यहां पगड़ी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद खडोतिया वापस लौट रहे थे। कार चालक ने ओव्हर टेक करने के प्रयास में टक्कर मारी है। थाना प्रभारी के अनुसार मौके से कार को जप्त कर लिया गया है। दोनों पति-पत्नी के शव एम्बुलेंस से बड़नगर अस्पताल भेजे गये है। जहां सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जायेगा।
शनिवार रात भी इसी मार्ग पर दुर्घटना
थाना प्रभारी के अनुसार शनिवार रात 8 बजे के लगभग जागृति कोल्ड हाऊस मार्ग के आगे महेश ढाबे के समाने कार क्रमांक एमएच 12 एलजे 4898 ने बाइक सवार अमृतलाल पिता कैलाश केवट 45 साल को टक्कर मार दी थी। उक्त दुर्घटना में अमृतलाल की मौके पर मौत हो गई थी। रविवार को पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि अमृतलाल की पत्नी इंगोरिया में रिश्तेदार के यहां आई हुई थी। अमृत उसे लेने आ रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार को जप्त कर दुर्घटना की जांच शुरू की गई है।
महिदपुर में युवक पर चढ़ा ट्रैक्टर का पहिया
सड़क हादसे का एक मामला महिदपुर के आमातलाई मार्ग ढाबला बाणी में शनिवार रात हुआ। राजा चौधरी और कपिल चौधरी ट्रेक्टर क्रमांक एमपी 13 जेड एक्स 8836 से अपने गांव लौट रहे थे। ट्रेक्टर कपिल चला रहा था, उसने तेजगति से चलाते हुए गड्ढा कुदा दिया। ट्रेक्टर पर बैठा राजा चौधरी गिर पड़ा और उसके ऊपर से पहिया गुजर गया। दबने से राजा की मौके पर मौत हो गई। महिदपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रेक्टर जप्त किया है।
इंगोरिया में 20 घंटे में 2 सड़क हादसे, 3 की मौत पगड़ी के कार्यक्रम से लौट रहे पति-पत्नी को कार ने कुचला