अतिप्राचीन योगेश्वरी टेकरी के रास्ते पर बने मकान में सोमवार शाम फ्रीज खोलते ही ब्लास्ट हुआ और भीषण आग फैल गई

उज्जैन। अतिप्राचीन योगेश्वरी टेकरी के रास्ते पर बने मकान में सोमवार शाम फ्रीज खोलते ही ब्लास्ट हुआ और भीषण आग फैल गई। चार मकान लपटों से घिर गये। फायर बिग्रेड कर्मी आग पर काबू पाते उससे पहले लाखों का नुकसान हो चुका था। पुलिस ने आगजनी का मामला दर्ज कर जांच में लिया है।
आर्य समाज मार्ग पर अतिप्राचीन योगेश्वर टेकरी बनी हुई है। जिसके एक हिस्से की चढ़ाई पर कई मकान बने हुए है, जो कच्चे और लकड़ी के है। यहां रहने वाले मदनलाल तंवर द्वारा शाम को चाय बनाने के लिये फ्रीज में रखा दूध निकाला। उसी दौरान फ्रीज में शार्ट सर्किट हुआ और चिंगारी कम्प्रेशर पर गिरते ही ब्लास्ट हो गया। मदनलाल कुछ समझ पाता उससे पहले आग तेजी के साथ फैली और पूरा घर लपटों से घिर गया। आग पड़ोस में रहने वाले रमेश द्रोणावत के मकान से होती हुई ओमप्रकाश लालावत और अनिल के मकान तक पहुंच गई। कुछ देर में ही योगेश्वर टेकरी का हिस्सा ध्ुाआं-धुआं हो गया, मकानों से ऊंची लपटे उठने लगी। रहवासियों ने तत्काल फायर बिग्रेड को सूचना दी, 3 दमकल मौके पर पहुंची लेकिन ऊंचाई भरा क्षेत्र होने पर दमकलें ऊपर तक नहीं पहुंच पाई। दमकल कर्मियों ने पाइप बिछाये और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किये। करीब 1 घंटे से अधिक समय आग बुझाने में लग गया। इस बीच 2 मकानों में रखा घरेलू सामान पूरी तरह से जलकर स्वाहा हो गया था। 2 मकानों में भी काफी नुकसान हुआ। आगजनी की खबर मिलते ही कोतवाली सीएसपी राहुल देशमुख, थाना प्रभारी दीनबंधूसिंह तोमर टीम के साथ पहुंच गये थे। जिन घरों से आग से नुकसान हुआ वह परिवार बदहवास हो गये थे। उनके जीवनभर की कमान राख में बदल चुकी थी।
विधायक ने परिवारों से मिलकर की आर्थिक मदद
योगेश्वर टेकरी पर लगी आग और चार से पांच परिवारों के बेघर होने की खबर मिलते ही विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा मौके पर पहुंच गये थे। उन्होने परिवारों से मुलाकत की और ढांढस बंधाया। परिवारों के मकान टीन शेड़, बल्ली से बने हुए थे। विधायक ने परिवारों को आर्थिक मदद करते हुए टीन शेड,बल्ली दिलाने का आश्वासन दिया और 20-20 हजार की आर्थिक मदद दी। परिवारों के नुकसान की भरपाई कराने के लिये मुख्यमंत्री से भी चर्चा कर मदद दिलाने का आश्वासन दिया। बेघर हुए परिवारों को फिलहाल आसपास के लोगों ने आश्रय दिया है।
आगजनी का दर्ज किया गया मामला
कोतवाली थाना पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम के बाद मामले में मयूर पिता मदनलाल तंवर की शिकायत पर आगजनी दर्ज की गई है। मयूर तवंर के साथ ओमप्रकाश, रमेश, अनिल के मकान को क्षति पहुंची है। वही सीएसपी राहुल देशमुख ने कहा कि प्रारंभिक रूप से शार्ट सर्किट के बाद ब्लास्ट होने की जानकारी सामने आई है। शार्ट सर्किट कैसे हुआ, इसकी जांच की जायेगी। उसके बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

Share:

संबंधित समाचार

Leave a Comment