देवर-जेठ को लेकर नए फ्लैट पर पहुंची पत्नी तो फंदे पर झूल रहा था पति

ब्रह्मास्त्र इंदौर। चितावद में रहने वाले एक युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। उसने कुछ दिन पहले खुड़ैल इलाके में एक फ्लैट लिया था। यहां फर्नीचर का काम चल रहा था। रात में विनोद यहां पहुंचा और उसने फांसी लगा ली।
पुलिस के अनुसार घटना शिवालिक परिसर की है। यहां चितावद में रहने वाले विनोद (37) पुत्र प्रकाश सोलंकी ने अपने फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी। रिश्तेदारों ने बताया कि विनोद मोबाइल कंपनी में काम करता था। पत्नी चांदनी उसे कॉल कर रही थी। लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसने देवर सुजीत को कॉल किया और बड़े भाई विनोद के कॉल नहीं उठाने की बात कही। बाद में जेठ अनिल अपने साथ चांदनी को लेकर शिवालिक परिसर पहुंचा। यहां विनोद फंदे पर लटका था।

कुछ दिन से तनाव में था

पुलिस के मुताबिक विनोद कुछ दिन से तनाव में चल रहा था। कुछ समय पहले उसकी तबीयत भी खराब थी। परिवार में एक दस साल का बेटा अंश है। विनोद ने एक साल पहले ही फ्लैट खरीदा था। यहां फर्नीचर का काम चल रहा था। आत्महत्या के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।