April 28, 2024

उज्जैन। नाबालिगों को कायथा थाने लेकर जा रही बोलेरो पाटपाला में अनियंत्रित हो गई और एक दुकान में जा घुसी। जहां एक बैठी मां-बेटी गंभीर घायल हो गई। पंवासा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच में लिया है। पंवासा टीआई गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि सोमवार दोपहर मक्सीरोड पाटपाला में बोलेरो वाहन क्रमांक एमपी 09 सीए 8917 अनियंत्रित होकर किराना दुकान में जा घुसी। दुकान हेमराज संचालित करता है। जहां बैठी अयोध्याबाई व उसकी पुत्री कोमल घायल हो गई। दोनों को फ्रीगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बोलेरो से दुकान का सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए थे। गनीमत रही कि वाहन पेड़ से टकरा गया नहीं तो हादसा गंभीर हो जाता। पुलिस ने वाहन जब्त कर उसे थाने पर खड़ा कर दिया है। आरोपित चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि उक्त वाहन में कायथा थाना पुलिस सवार थी। बोलेरो शराब ठेकेदार की है।