March 28, 2024

ब्रह्मास्त्र इंदौर। शहर में एक दिल दहलाने वाला हत्याकांड सामने आया है। यहां चांदी के कड़ों के लिए पोते ने ही दोस्त के साथ मिलकर वृद्धा के दोनों पैर काटकर हत्या कर दी थी।
महिला के बेटों ने दो दिन पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाई थी। इस पर पुलिस महिला को ढूंढ़ रही थी। महिला का शव घर के पीछे गोबर गैस प्लांट के पास मिला। पुलिस ने पोते राजेश बागड़ी (24) और उसके दोस्त विजय ढोली (30) को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में राजेश ने यह बात स्वीकार की है। राजेश ने कहा कि हमने दादी को पहले कुछ काम का कहकर प्लांट के पीछे ले गए और वहीं हत्या कर दी। घटना इंदौर से करीब 35 किलोमीटर दूर खुड़ैल थाना क्षेत्र की है। टीआई महेंद्रसिंह भदौरिया ने बताया कि खुड़ैल निवासी 75 साल की जमनाबाई की लाश उसके घर के पीछे गोबर गैस प्लांट के पास गड्ढे में मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो महिला के दोनों पैर कटे हुए थे।

वृद्धा 11 फरवरी से लापता थी

पुलिस ने बताया कि महिला 11 फरवरी से लापता था। पहले परिजनों ने दो-तीन दिन तक एक-दूसरे के यहां पता किया। नहीं मिलने पर पुलिस को गुमशुदा की रिपोर्ट लिखाई। इसके बाद पुलिस ने महिला को खोजना शुरू किया। इस दौरान महिला का शव गोबर गैस प्लांट के यहां पड़ा मिला ।पुलिस के अनुसार लूट के इरादे से हत्या की गई। परिवार की मानें तो महिला चांदी की ज्वेलरी और पैर में कड़े पहने हुई थी। इनमें से कड़ों का वजन ही 750 ग्राम के करीब था। बुजुर्ग महिला ने चांदी की कुछ और ज्वेलरी भी पहन रखी थी, जो कि उनके शरीर पर नहीं मिली है।