जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए जन सहयोग से अभियान प्रारंभ

-संभागायुक्त संजय गुप्ता ने कमल तालाब में किया श्रमदान, पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

– 5 जून से 16 जून गंगा दशहरा तक चलेगा अभियान, जन भागीदारी से गतिविधियां होंगी संचालित

 

 

उज्जैन। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुधवार को जिले में जल स्रोतों के संरक्षण और पुनर्जीवन के लिए जल गंगा संवर्धन अभियान का शुभारंभ जन सहयोग से किया गया। यह अभियान 5 जून से 16 जून गंगा दशहरा तक सतत चलेगा, जिसमें बावड़िया, कुएं,तालाब आदि जल स्रोतों के संरक्षण, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण किया जाएगा। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद और नगरी क्षेत्र में निकाय के अमले द्वारा जन सहयोग से यह अभियान का शुभारंभ किया गया।

उज्जैन नगर कोठी रोड स्थित कमल तालाब के गहरीकरण से अभियान की शुरुआत की गई। जिसमें उज्जैन संभागायुक्त संजय गुप्ता ने  श्रमदान किया और पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त आशीष पाठक द्वारा भी श्रमदान और पौधारोपण किया गया। संभागायुक्त ने सभी को पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई। कमल तालाब के गहरीकरण के लिए विभिन्न सामाजिक संगठन भी आगे आएं।

जिले में विसतृत कार्ययोजना के तहत होगा काम-

जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्थित जल स्रोतों के गहरीकरण, साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत,  पौधारोपण और सौंदर्यीकरण के लिए कलेक्टर उज्जैन नीरज कुमार सिंह की दिशा निर्देशन में विस्तृत कार्य योजना बनाई गई है। इसी प्रकार उज्जैन नगर स्थित प्रमुख तालाबों, घाटों की साफ सफाई, गहरीकरण और आवश्यक मरम्मत का काम किया जाएगा। सप्त सागर के कायाकल्प का कार्य भी किया जाएगा। जिसके लिए उज्जैन नगर निगम द्वारा सभी आवश्यक तैयारी सुनिश्चित की गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि जिले के विकासखंड और पंचायत स्तर पर जल संरचनाओं की मरम्मत, पर्यावरण संरक्षण और पौधरोपण के लिए जनभागीदारी से गतिविधियां संचालित की जाएंगी।