उज्जैन –आलोट संसदीय क्षेत्र में भाजपा को प्रथम चक्र में  20 हजार की बढत मिली

उज्जैन। आम चुनाव 2024 की मतगणना का काम मंगलवार को सुबह 8 बजे से शुरू हुआ है। उज्जैन –आलोट संसदीय क्षेत्र की 8 विधानसभा क्षेत्र के प्रथम चक्र के परिणाम में भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के महेश परमार से करीब 20 हजार मतों की बढत इसमें ले ली है। सभी 8 विधानसभा क्षेत्र में उन्हें बढत मिल रही है।

उज्जैन- आलोट संसदीय क्षेत्र में शामिल उज्जैन जिले की 7 विधानसभा क्षेत्र की मतगणना शासकीय इंजीनियरिंग कालेज उज्जैन एवं रतलाम जिले की आलोट विधानसभा क्षेत्र की गणना रतलाम के शासकीय आर्ट कालेज में की जा रही है। जिला निर्वाचन अधिकारी उज्जैन मतगणना की अधिकृत घोषणा कर रहे हैं। प्रात: 8 बजे स्ट्रांग रूम खोलने के बाद विधानसभा वार बने मतगणना कक्षों में इवीएम पहुंचाने का काम किया गया। उसके उपरांत प्रथम चक्र की मतगणना की घोषणा करीब 10 बजे की गई है। इसमें प्रथम चक्र की गणना में भाजपा के अनिल फिरोजिया को संसदीय क्षेत्र से कुल 43 हजार 256 मत मिले हैं। उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के महेश परमार को प्रथम चक्र की गणना में 23 हजार 417 मत ही मिल सके हैं। घोषणा अनुसार  प्रथम चक्र की गणना में 474 मत नोटा को मिले हैं। प्रथम चक्र में कुल 68 हजार 401 मतों की गणना की गई है। इस प्रकार से भाजपा के अनिल फिरोजिया को 19 हजार 839 मतों की बढत प्रथम चक्र की गणना में सामने आ रही है। विधानसभा वार घोषित की जा रही गणना में दुसरे चक्र में भी भाजपा को ही बढत मिल रही थी।